Muharram 2024: मोहर्रम को लेकर दिशा निर्देश जारी, 3 शिफ्टों में काम, भूलकर भी नहीं करें ये ग़लती
Muharram 2024 News: 17 जुलाई मोहर्रम है, इस मौके पर प्रदेश के सभी जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने के मकसद से सभी जिला पदाधिकारियों ने बैठक की। वहीं जहानाबाद जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे और पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह ने संयुक्त बैठक की।
मोहर्रम के मद्देनज़र प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ DRCC भवन में बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि जहानाबाद जिला की संवेदनशीलता को देखते हुए विधि व्यवस्था के नज़रिए से 16 जुलाई 2024 से लेकर मोहर्रम खत्म होने तक दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति निर्धारित की गई है।

मोहर्रम पर्व के मौक़े पर जिले में ख़ास सतर्कता लिए कुल 114 जगहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गये हैं। यह लोग लगातार लोगों पर निगरानी करेंगे, ताकि शांतिपूर्ण तरीक़े से पर्व को मनाया जा सके।
जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र के कुछ संवेदनशील जगहों को भी चिन्हित किया गया। आस-पास के इलाकों में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल के साथ तीन शिफ्टों में गश्ती करेंगे। संवेदनशील जगहों पर सख्त निगरानी रखने के साथ सतर्कता और सजगता के साथ काम करेंग।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि संवेदनशील जगहों से ख़बर हासिल शरारती तत्वों पर नज़र रखने के लिए चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति करे। पुलिस अधीक्षक ने साफ लफ्जों में सभी को निर्देश देते हुए कहा कि विधि व्यवस्था संधारण में किसी तरह की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरतेंगे।
साइबर सेल को सक्रिय होकर सोशल मीडिया पर चलने वाली अफवाहों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है। सभी लोग अपने-अपने इलाके में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। असामाजिक तत्वों के गतिविधियों पर भी नजर बनाए रखेंगे।
सभी को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार का कम्युनिकेशन गैप नहीं होना चाहिए। अपने वरीय पदाधिकारियों को लगातार स्थिति से अवगत कराते रहेंगे। गश्ती दल के दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में बराबर घूमते रहेंगे।
किसी प्रकार की अफवाहों, किसी असामाजिक तत्व द्वारा अवांछनीय कार्य एवं ऐसी कोई भी हरकत जिससे शांति भंग होने की संभावना हो तो उसके खिलाफ तुरंत समुचित कार्रवाई करेंगे। इसमें शामिल व्यक्तियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई करेंगे।
जिले में विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को प्रभावशाली बनाये रखने के लिए अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06114 - 223013 है। वरीय प्रभार में अनुमंडल पदाधिकारी के पास है।
त्वरित चिकित्सा की व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि जीवन रक्षक ऐम्बुलेंस, सक्षम चिकित्सा दल को साथ प्रतिनियुक्त कर तैयार स्थिति में रखेंगे। ज़रूरत पड़ने पर इस्तेमाल में लाया जाए।
बैठक में जिला अग्निशामक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अग्निशमन वाहन तैयार हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे। मोहर्रम के अवसर पर उप विकास आयुक्त एवं अपर पुलिस अधीक्षक जिले में विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार मे रहेंगे। वहीं जिले के लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सद्भाव के माहौल में संपन्न करने की अपील भी की गई।












Click it and Unblock the Notifications