दरभंगाः मंदिर में पूजा करने आई महिला के बाल पकड़कर पुजारी ने पीटा, वीडियो हुआ वायरल
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले के राज परिसर में स्थित मां श्यामा मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर मंदिर में पूजा करने आई महिला को पुजारी ने बाल पकड़कर पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़ंकप मच गया। घटनाक्रम पर एक्शन लेते हुए मंदिर कमेटी ने पुजारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुजारी को मंदिर कार्यों से हटा दिया है और मामले की जांच कराने की बात कही है। पुजारी द्वारा महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Recommended Video

हालांकि महिला की तरफ से अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। महिला की पहचान भी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि घटना दो दिन पहले का है। महिला मंदिर के अंदर जाकर श्यामा माई की पूजा करने की जिद पर अड़ी थी जबकि कोविड गाइडलाइन की वजह से मंदिर के दरवाजे आम लोगों के लिए बंद थे। महिला मंदिर के बंद दरवाजे को खोलने की जिद पर अड़ी थी। इसी बात को लेकर पुजारी और महिला के बीच विवाद शुरू हो गया।
झगड़े के दौरान गुस्साए पुजारी ने महिला के बाल पकड़ लिए और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो की पुष्टि करते हुए मंदिर के प्रबंधक चौधरी हेमचंद्र रॉय ने कहा कि महिला के साथ ऐसा सलूक सही नहीं है। पुजारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच अब मंदिर कमिटी करेगी इसके बाद कोई फैसला लिया जाएगा। लेकिन उन्होंने महिला को विक्षिप्त बताते हुए पुजारी का बचाव करने की भी कोशिश की। बहरहाल महिला को न तो कोई जानता है न ही इस मामले की शिकायत लेकर कोई सामने ही आया है।
वीडियो में ऐसा सुना जा सकता है कि महिला अपने ऊपर देवी आने का दावा कर रही हैं। ऐसे में पुजारी उससे पूछता है कि बता मेरे हाथ में क्या है। तो महिला तीन बार जवाब में फूल कहती है। जबकि पुजारी का हाथ खाली होता है।












Click it and Unblock the Notifications