Bihar Politics: ‘इंडिया गठबंधन’ के सहयोगी नेता को कांग्रेस नेता ने भेजा नोटिस, कहा- माफी मांगें
Bihar Politics: DMK सांसद दयानिधि मारन के बयान पर बिहार में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। विपक्ष के नेताओं ने 'इंडिया गठबंधन' पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। विपक्षी नेताओं के बाद अब कांग्रेस नेता चंद्रिका यादव ने भी सांसद दयानिधि मारन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
चंद्रिका यादव ने डीएमके सांसद दयानिधि मारन के हिंदी भाषी लोगों को लेकर दिये बयान पर आपत्ति जताते हुए कानूनी नोटिस भेज दिया है। उन्होंने कहा कि 15 दिन के अंदर दयानिधि मारन माफी मांगे, अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कोर्ट में केस करूंगा।

चंद्रिका यादव ने कहा कि निजी तौर पर नोटिस भेजा है, इस मामले में कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने नोटिस में दयानिधि मारन को पार्टी नेता के तौर पर नोटिस नहीं भेजा है। दयानिधि के बयान से बिहारियों के गौरव और स्वाभिमान, विभिन्न प्रदेश के विकास में बिहारियों के अहम योगदान पर हमला है।
आपको बता दें कि इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने डीएमके सांसद दयानिधि मारन के बयान की निंदा की थी। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों की हर जगह मांग है, वह किसी समुदाय विशेष के बारे में बयान देते तो समझ आता। पूरे बिहार वासियों को ऐसा कहना उचित नहीं है। इस तरह के बयान से किसी भी नेता को बचना चाहिए।
डीएमके सांसद दयानिधि मारन के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी निशाना साधा, उन्होंने सीएम नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू यादव से मुखातिब होते हुए कहा कि, क्या वह अपने सहयोगी दल के नेता के इस बयान से सहमत हैं। इस पर उनकी (लालू-नीतीश) की क्या राय है।
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सांसद दयानिधि मारन यह कहते हुए नज़ार आ रहे हैं कि यूपी और बिहार के लोग तामिलनाडू आकर सड़क और शौचालय साफ़ करते हैं। हालांकि वन इंडिया हिंदी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।












Click it and Unblock the Notifications