बिहार: 'उन्हें समझाएंगे, फिर भी अगर कहीं जाना चाहती हैं तो जाएं', बीमा भारती के बगावती तेवरों पर बोले नीतीश
बिहार में नई सरकार बनने के बाद विधायकों की नाराज़गी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की की चिंता बढ़ा दी है। वहीं लेसी सिंह मामले में नीतीश कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम उनसे बीमा भारती...
पटना, 18 अगस्त 2022। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद जदयू में कोल्ड वार शुरु हो चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने विधायकों को मनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। महागठबंधन सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद लेसी सिंह को मंत्री बनाए जाने पर पूर्व मंत्री और जदयू विधायक बीमा भारती ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने लेसी सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मर्डर करवाती है, अगर नीतीश कुमार लेसी सिंह को नही हटाते हैं तो हम इस्तीफा दे देगे। वहीं उन्होंने कहा कि उन्हें जदयू से कोई दिक्कत नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी कोई परेशानी नहीं है।

हमारी बात नहीं सुनी जाती है- बीमा भारती
जदयू विधायक बीमा भारती ने कहा कि जदयू विधायक लेसी सिंह को हमेशा कैबिनेट में क्यों चुना जाता है, मैं सिर्फ इस बात से नाराज हूं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उसमें क्या देखते हैं? उनका नाम अपने क्षेत्र में होने वाली घटनाओं को लेकर बार-बार सामने आता है, इससे पार्टी बदनाम होती है। हम पिछड़ी जाति से हैं क्या इसलिए ही हमारी बात नहीं सुनी जाती है।
Recommended Video

बीमा भारती के बयान पर CM नीतीश की प्रतिक्रिया
बिहार में नई सरकार बनने के बाद विधायकों की नाराज़गी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की की चिंता बढ़ा दी है। वहीं लेसी सिंह मामले में नीतीश कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम उनसे बीमा भारती बात करेंगे। उन्हें पार्टी के बारे में इस तरह के बयान न देने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे। अगर वह नहीं समझती है और कहीं और जाना चाहती है, तो वह इसके बारे में सोच सकती हैं। ग़ौरतलब है कि इससे पहले शपथ ग्रहण समारोह से भी जदयू के विधायक नदारद थे।

'तस्वीर वायरल कर झूठी खबर फ़ैलाई गई है'
एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें डॉक्टर संजीव (विधायक, परबत्ता विधानसभा), पंकज कुमार मिश्र (विधायक, रुन्नीसैदपुर), सुदर्शन (विधायक बरबीघा), राजकुमार सिंह (विधायक मटिहानी) दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह लोग शपथग्रहण समारोह से नदारद थे। वहीं वन इंडिया हिंदी ने विधायक राजकुमार सिंह से इस बाबत बात की तो उन्होंने बताया कि तस्वीर शपथ ग्रहण समारोह के बाद की है। मैं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल था, तस्वीर वायरल कर ये अफवाह फैलाई जा रही है कि जदयू विधायक नाराज़ चल रहे हैं। पार्टी के सभी विधायक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फ़ैसले का स्वागत किया है। वहीं बीमा भारती के मामले में सीएम नीतीश कुमार खुद उनसे बात करेंगे।
ये भी पढ़ें: बिहार में फिर लौट आयी “भूरा बाल साफ करो” की राजनीति












Click it and Unblock the Notifications