'सुशासन बाबू' से भी ज्यादा पढ़े-लिखे हैं नीतीश कैबिनेट के ये मंत्री, 26 मंत्रियों में किसके पास कौन सी डिग्री?
Bihar Cabinet Education: बिहार की सियासत में नई सुबह के साथ नई कैबिनेट भी तैयार हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शपथ लेने के तुरंत बाद अपनी टीम को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ मंत्रियों के विभागों की नहीं, बल्कि उनकी पढ़ाई-लिखाई को लेकर भी है। कौन इंजीनियरिंग से आया है, कौन आर्ट्स पढ़ा है, किसने सिर्फ इंटर तक पढ़ाई की?
यह जानना लोगों के लिए इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि नेता सिर्फ फैसले नहीं लेते, उनकी सोच और समझ भी राज्य की दिशा तय करती है। नई कैबिनेट की शैक्षणिक प्रोफाइल इस बात का संकेत देती है कि बिहार की राजनीति में अब विविधता सिर्फ जातीय या क्षेत्रीय नहीं, बल्कि शैक्षणिक पृष्ठभूमि में भी दिख रही है। आइए जानते हैं, नई टीम में कौन कितना पढ़ा-लिखा है और उनकी शिक्षा कैसी है।

सीएम और डिप्टी सीएम के पास है कौन सी डिग्री?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। यह डिग्री उन्होंने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (अब एनआईटी पटना) से हासिल की थी। जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास डॉक्टरेट (मानक) डिग्री है। इसके अलावा उनके शिक्षा से जुड़ी ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारक हैं।
ये भी पढ़ें: कितने पढ़े-लिखे हैं बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी? कब और कैसे शुरू हुआ राजनीतिक सफर, क्या करती हैं पत्नी?
जदयू मंत्रियों की शिक्षा
जदयू से कुल 8 मंत्री शामिल किए गए हैं। विजय कुमार चौधरी इतिहास में एमए हैं, जबकि बिजेंद्र प्रसाद यादव विज्ञान में स्नातक हैं। श्रवण कुमार और सुनील कुमार स्नातक हैं। अशोक चौधरी एमए और पीएचडी डिग्री रखते हैं, जो शिक्षा के मामले में उन्हें सबसे आगे रखता है। लेशी सिंह और मोहम्मद जमा खान ने इंटर तक पढ़ाई की है। मदन सहनी भी स्नातक डिग्री धारक हैं।
बीजेपी कोटे के 14 मंत्रियों की पढ़ाई
भाजपा के मंत्री अलग-अलग शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आते हैं। मंगल पांडेय, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन और प्रमोद कुमार सभी स्नातक हैं। दिलीप जायसवाल बीए पास हैं। नितिन नबीन इंटर पास हैं, वहीं नारायण प्रसाद ने मैट्रिक तक पढ़ाई की है। रामकृपाल यादव स्नातक (ऑनर्स) और एलएलबी धारक हैं। युवा मंत्री श्रेयसी सिंह एमबीए हैं और अपनी उच्च शिक्षा के लिए जानी जाती हैं।
एलजेपी (आर), HAM और अन्य दलों के मंत्री
एलजेपी (रामविलास) के दोनों मंत्री, संजय कुमार और संजय कुमार सिंह ग्रेजुएट हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के मंत्री संतोष सुमन भी स्नातक हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा से मंत्री बने दीपक प्रकाश कंप्यूटर साइंस में बीटेक हैं और फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।
कुल मिलाकर नई कैबिनेट में सभी स्तर की शैक्षणिक पृष्ठभूमि शामिल है, इंजीनियरिंग, आर्ट्स, साइंस, कानून और यहां तक कि इंटर व मैट्रिक तक की शिक्षा भी। इस वजह से यह टीम अनुभव, जमीन से जुड़े नेताओं और पढ़े-लिखे चेहरों का मिश्रण नजर आती है। राज्य की नई मंत्रिपरिषद यह दिखाती है कि राजनीति में शिक्षा का दायरा काफी व्यापक है और अलग-अलग पृष्ठभूमि वाले नेता शासन व्यवस्था में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Zama Khan: कौन हैं नीतीश कैबिनेट के एकलौते अल्पसंख्यक मंत्री जमा खान? संपत्ति जानकार उड़ जाएंगे होश!












Click it and Unblock the Notifications