बारिश में धराशाही हुआ ‘CM Nitish का सपना’, लोगों ने कहा- प्रोजेक्ट काग़ज़ों पर पूरे, हक़ीकत में अधूरे!
CM Nitish Project: बिहार में आगामी चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पक्ष-विपक्ष के नेता विकास कार्यों पर श्रेय लेने से पीछे नहीं हट रहे हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनावी मौसम को कैश करवाने से पीछे नहीं छूट रहे हैं, विभिन्न योजनाओं के तहत विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने में जुट गए हैं, लेकिन फिर भी फ़ायदा होने की बजाये नुकासन ही हो रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल से बिहार शरीफ स्थित मखदूम तालाब (बड़ी दरगाह) के पास 51 लाख रुपये की राशि से जीर्णोद्धार का काम शुरू किया गया। वहीं 3 करोड़ के इस प्रोजेक्ट के तहत तालाब में रिटेनिंग, बाउंड्री वॉल, नाला निर्माण और सौंदर्यीकरण भी होना है।

प्रोजेक्ट तो शुरू हुआ लेकिन 24 घंटे के अंदर रिटेनिंग और बाउंड्री वाल धराशाही हो गया है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत मखदूम तालाब का सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट किया जा रहा है। खुद नालंदा ज़िलाधिकारी शशांक शुभंकर जीर्णोधार कार्य का जायज़ा ले रहे थे।
रिटेनिंग और बाउंड्री वाल धराशाही होने पर ग्रामीणों ने भी नाराज़गी जताई, उन्होंने कहा कि 50 फीट से ज्यादा दीवार गिर गई। वहीं 20 फीट से ज्यादा हिस्सा तालाब की तरफ़ झुक गया है। सरकार के प्रोजेक्ट ऐसे ही होते हैं, जो कागज़ों पर पूरे, हक़ीकत में अधूरे होते हैं।
बाउंड्री वाल एवं रिटेनिंग वाल धराशाही होने के बाद आनन फानन में संबंधित ठेकेदार ने मजदूरों द्वारा तालाब से मलबे को निकालने के काम में लगा दिया। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य के मद्देनज़र जो टाइल्स लगाए गए हैं, वह भी कुछ जगहों से उखड़ रहे हैं।
रिटेनिंग और बाउंड्री वाल धराशाही मामले में अभिषेक कुमार राय (अभियंता, लघु जल संसाधन विभाग) ने कहा कि गली और दीवार के बीच बारिश का पानी जमा हो रहा था। बाउंड्री वॉल एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण कुछ समय पहले हुआ, इसी वजह से ऐसा हुआ है। संवेदक को बोलकर काम फिर से शुरू किया गया है, वहीं इस मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications