Chirag Paswan कभी सरकार को घेरते हैं और कभी कहते हैं, 'नीतीश कुमार ही बनेंगे CM', क्या है उनका गेम प्लान?
Chirag Paswan Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (आर) प्रमुख चिराग पासवान रोज ही सियासी सस्पेंस बढ़ा रहे हैं। कभी वह बिहार लौटने की बात करते हैं, तो कभी अपनी ही सरकार पर हमला बोलते हुए कहते हैं कि दुख है ऐसी सरकार का हिस्सा हूं। बीच-बीच में वह ऐसे बयान भी देते हैं जिससे लगता है कि शायद एनडीए के साथ चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन फिर खुद ही इन अटकलों पर विराम भी लगा देते हैं।
कुछ दिन पहले उन्होंने गया में एंबुलेंस में युवती के साथ गैंग रेप पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा था कि इस सरकार का हिस्सा होने पर दुख है। अब उन्होंने एक नए बयान में कहा कि नीतीश कुमार दोबारा सीएम बनेंगे और एनडीए (NDA) बड़े बहुमत से जीतेगी।

Chirag Paswan का आरोप, 'NDA में फूट डालना चाहते हैं कुछ लोग'
चिराग पासवान ने नई दिल्ली में संसद सत्र के दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि कुछ लोग जदबरन एनडीए में मतभेद की खबरें उछालकर राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं एक बार स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि एनडीए में कोई बिखराव नहीं है। हम एकजुट हैं और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार चुनाव लड़ेंगे। चुनाव के जब नतीजे आएंगे तो एनडीए भारी बहुमत से जीतेगी और फिर एक बार नीतीश कुमार ही सीएम बनेंगे।'
यह भी पढ़ें: चिराग पासवान के क्यों बदले सुर, बोले आगामी चुनावों के बाद नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री होंगे
Chirag Paswan के पल-पल बदलते मूड के पीछे क्या है राज?
चिराग पासवान पिछले कुछ महीनों से लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं और बार-बार उन्होंने बिहार में अपराध के रिकॉर्ड में बढ़ोतरी पर बयानबाजी की है। अपने बयान से उन्होंने कई बार सस्पेंस भी बनाया, लेकिन हर कुछ दिन पर कह देते हैं कि वह एनडीए के साथ हैं। बिहार की राजनीति के जानकारों का कहना है कि चिराग पासवान इस वक्त प्रेशर पॉलिटिक्स खेल रहे हैं। उनकी कोशिश है कि सीट बंटवारे से पहले तक अपना शक्ति प्रदर्शन करते रहें, ताकि उन्हें सम्मानजनक सीटें मिल सकें।
Chirag Paswan के पास NDA के साथ रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि चिराग पासवान अपनी पार्टी के लिए 35 से 40 सीट चाहते हैं जबकि बीजेपी उन्हें 25 से 30 के अंदर सेटल करने के मूड में है। बिहार के राजनीतिक जानकारों का कहना है कि चिराग पासवान के पास एनडीए में बने रहने के अलावा कोई और विकल्प भी नहीं है। अकेले पूरे प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए न तो उनके पास संगठन है और न ही इतनी क्षमता है।
यह भी पढ़ें: Bihar Politics: Chirag Paswan ने नीतीश कुमार पर बोला हमला, 'दुख है कि इस सरकार का हिस्सा हूं'
इंडिया गठबंधन में शामिल होने के विकल्प पर वह विचार भी नहीं कर सकते। मोदी सरकार में उन्हें केंद्रीय मंत्री का पद मिला है और अगर बिहार में सरकार बनती है तो उनकी पार्टी के भी कुछ मंत्री बनाए जा सकते हैं। कुल मिलाकर चिराग का मूड बार-बार बदलता जरूर दिख रहा हो, लेकिन मंशा उनकी स्पष्ट है।












Click it and Unblock the Notifications