BPSC Protest: अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर की 'वैनिटी वैन' पर उठे सवाल, जानिए क्या कहा?
BPSC Protest: बीपीएससी अभ्यार्थियों के सपोर्ट में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर आमरण अनशन कर रहे हैं। इस बीच, करोड़ों रुपए की उनकी लग्जरी वैनिटी वैन चर्चाओं में आ गई है। सोशल मीडिया के साथ-साथ नेताओं ने भी उनकी वैनिटी वैन को लेकर सवाल उठाए है। अब वैनिटी वैन के उठे मुद्दे पर खुद प्रशांत किशोर और पार्टी की तरफ से सफाई सामने आई है।
प्रशांत किशोर और जन सुराज पार्टी की तरफ से कहा गया है कि इसका इस्तेमाल केवल 'वॉशरूम' के लिए करते है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई लक्जरी सुविधाओं से लैस प्रशांत किशोर की यह 'वैनिटी वैन' ऐतिहासिक गांधी मैदान में उस स्थल से कुछ सौ मीटर की दूरी पर खड़ा है, जहां किशोर ने गुरुवार शाम को अपना 'आमरण अनशन' शुरू किया था।

आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर वह फ्रेश (शौचालय) के लिए घर जाते तो मीडिया के साथी और विपक्षी पार्टियों के नेता कहते कि वह खाना खाने गए हैं। इस दौरान प्रशांत किशोर ने उन खबरों का भी खंडन किया, जिसमें ऐसा कहा गया था कि इस वैनिटी वैन का किराया प्रतिदिन 25 लाख रुपये है।
घर जाता तो उठते सवाल
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने कहा, 'मैं यहां उपवास पर हूं। अगर मैं शौच के लिए घर जाता हूं, तो पत्रकार सवाल पूछेंगे कि मैं खाना खाने गया था या झपकी लेने गया था। कुछ लोगों ने कहा कि वैनिटी वैन की कीमत 2 करोड़ रुपये है और इसका किराया 25 लाख रुपये प्रतिदिन है।'
मैं मीडिया बंधुओं के माध्यम से यह कहना चाहता हूं कि इस वैन को ले लिया जाए और बदले में मुझे 25 लाख रुपये प्रतिदिन दिए जाएं। साथ ही, मुझे एक वैकल्पिक स्थान दिया जाए जिसका इस्तेमाल 'वॉशरूम' के रूप में किया जा सके। इस दौरान किशोर ने मीडिया से यह भी सवाल किया कि क्या वे यही सवाल प्रधानमंत्री मोदी या सीएम नीतीश कुमार से पूछेंगे।
विपक्ष कर रहा है ओछी राजनीति
वहीं, पार्टी के प्रवक्ता विवेक कुमार ने कहा कि ये विपक्ष की ओछी राजनीति है। दरअसल, विपक्ष छात्रों के मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहते है। मुद्दा यहां वैनिटी वैन का नहीं, बल्कि छात्रों के पेपर लीक का है। कहा कि यह आंदोलन युवाओं और उनके भविष्य के लिए है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के नेताओं को खुली चुनौती भी दी।
उन्होंने कहा कि अगर किसी में हिम्मत है तो एक रात इस कड़ाके की ठंड में गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के नीचे बिताकर दिखा दें। प्रशांत किशोर 24 घंटे मीडिया के कैमरे के सामने बैठे हैं। विपक्ष को छात्रों के मुद्दों से कोई मतलब नहीं है, इसलिए वह इस तरह के अनावश्यक मुद्दों को उठा रहे हैं।
छात्र विरोध प्रदर्शन के लिए समर्थन
किशोर जिस विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रहे हैं, उसमें छात्र शामिल हैं जो कथित प्रश्नपत्र लीक के कारण 13 दिसंबर को आयोजित 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (सीसीई) को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इस आंदोलन को कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई विपक्षी नेताओं का समर्थन प्राप्त है।
हाल ही में पटना पुलिस ने किशोर और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिसमें दावा किया गया कि साइट पर उनका विरोध प्रदर्शन गैरकानूनी था। इस कानूनी कार्रवाई के बावजूद, किशोर छात्रों के मुद्दे के प्रति अपने समर्थन में अडिग हैं।
ये भी पढ़ें: BPSC Exam Protest: 'यह अहंकारी सरकार', परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे प्रशांत किशोर












Click it and Unblock the Notifications