Bihar: वैशाली में RJD नेता शिव शंकर सिंह की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव और कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
Bihar Vaishali RJD leader Murder: बिहार में कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पकौली में सोमवार की देर रात रिटायर्ड बिजली कर्मी और राजद (RJD) के प्रखंड महासचिव शिव शंकर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने इलाके में तनाव फैला दिया है और लोगों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है और विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

मौके पर ही हुई मौत
सोमवार की देर रात करीब 11 बजे यह दर्दनाक घटना हुई। शिव शंकर अपने पुराने घर भैरोपुर से नए घर पकौली जा रहे थे। तभी अपराधियों ने घात लगाकर उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद शिव शंकर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और चार खोखे बरामद किए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। बिदुपुर थाना के एसएचओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर माहौल को नियंत्रित किया है।
जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते थे शिव शंकर
शिव शंकर सिंह रिटायरमेंट के बाद जमीन की खरीद-बिक्री का काम कर रहे थे। उनके एक बेटे का इंडियन ओवरसीज बैंक में मैनेजर के रूप में कार्यरत है। पांच साल पहले उन्होंने पकौली में नया घर बनवाया था। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें Bihar Chunav से पहले PM Modi देंगे एक और तोहफा, मिलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात
मामले में SIT का गठन- SP
वैशाली के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उनका कहना था कि अपराधियों को जल्द पकड़ने और न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठा रही है। घटना ने इलाके में डर और आक्रोश दोनों फैलाए हैं, जबकि प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए कड़ा इंतजाम किया है।
बिहार के कानून व्यवस्था पर उठा सवाल
राजद नेता की हत्या ने बिहार की राजनीति में भी हलचल मचा दी है। वैशाली जिले में पहले भी राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे इस हत्याकांड को राजनीतिक रंग मिलने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग और राजद समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है कि वह जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ कर न्याय दिलाए।
ये भी पढ़ें Bihar Chunav: BJP-JDU में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग फाइनल! जानें चिराग को कितनी मिलेंगी सीटें?












Click it and Unblock the Notifications