Bihar Today: गयाजी में चिराग पासवान युवाओं से करेंगे संवाद, नवादा और जमुई में आज लगेगा रोजगार मेला
Bihar Hindi News Today- 26 July 2025: बिहार की राजनीति (Political) में हलचल हो या गवर्नमेंट (Government) का कोई बड़ा फैसला। विकास कार्यों की प्रगति हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको सबसे पहले मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। आइए जानते हैं आज 26 जुलाई को क्या-क्या होने वाला है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नव संकल्प महासभा
गयाजी के गांधी मैदान में 26 जुलाई को लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) की ओर से नव संकल्प महासभा का आयोजन होगा। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। चिराग पासवान इस महासभा को संबोधित करेंगे।

जमुई में आज लगेगा रोजगार मेला
जमुई जिले के श्रम संसाधन विभाग के संयुक्त श्रम भवन, सोनपे में 26 जुलाई को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने बताया कि यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें भाग लेने वाली कंपनियां 50 योग्य पुरुष उम्मीदवारों का चयन करेंगी। उम्मीदवारों की आयु 18 से 35 वर्ष होनी चाहिए और न्यूनतम योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई या स्नातक तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों को ₹15,000 से ₹19,000 तक वेतन मिलेगा।
कटिहार के समेली प्रखंड आ सकते हैं नीतीश कुमार
सीएम नीतीश कुमार 26 जुलाई को कटिहार के समेली प्रखंड आ सकते हैं, जहां वे साहित्य रत्न अनूपलाल मंडल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। आईजी, डीएम और एसपी ने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोग इस ऐतिहासिक पहल को लेकर उत्साहित हैं।
26 जुलाई तक गणना प्रपत्र भर लें वोटर
भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाताओं को गणना प्रपत्र (फॉर्म) जमा करने की अंतिम तारीख 26 जुलाई तय की है। आयोग की वेबसाइट पर डाटा अपलोड की प्रक्रिया तेजी से जारी है, ताकि तय समय सीमा में कार्य पूरा किया जा सके।
नवादा में 26 जुलाई को लगेगा एकदिवसीय रोजगार कैम्प
श्रम संसाधन विभाग पटना (बिहार) के निर्देश पर जिला नियोजनालय, नवादा द्वारा 26 जुलाई 2025 (शनिवार) को संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आईटीआई), नवादा परिसर में एकदिवसीय रोजगार कैम्प आयोजित किया जाएगा।
विभिन्न पदों पर होगी भर्ती
इस कैम्प में नवोदय सशक्तिकरण वेलफेयर फाउंडेशन (Navodaya Sashaktikaran Welfare Foundation), किशनगंज द्वारा विभिन्न पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
- ब्लॉक सुपरवाइजर - 14 पद (योग्यता: ग्रेजुएट )
- पंचायत सुपरवाइजर - 28 पद (योग्यता: इंटरमीडिएट)
- ऑफिस क्लर्क - 01 पद (योग्यता: ग्रेजुएट )
इन पदों के लिए वेतनमान ₹8,000 से ₹15,000 प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। न्यूनतम आयु सीमा 19 वर्ष है।
वीमेन आईटीआई नवादा में भी नियुक्ति
इसके अतिरिक्त Women I.T.I, नवादा में Learner Facilitator (L.F) के 02 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
- न्यूनतम योग्यता: इंटरमीडिएट + KYP एवं DCA
- आयु सीमा: 18 से 30 वर्ष
- वेतनमान: ₹10,000 से ₹12,000 प्रतिमाह
जरूरी दस्तावेज और रजिस्ट्रेशन
उम्मीदवारों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की फोटो कॉपी, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा के साथ प्रातः 11:00 बजे कैम्प स्थल पर उपस्थित होना होगा। यह कैम्प केवल NCS पोर्टल (National Career Service) पर रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों के लिए खुला है। जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, वे पहले पोर्टल पर पंजीकरण कराएं।
नियुक्ति की शर्तें
नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि यह सभी पद निजी क्षेत्र से संबंधित हैं और नियुक्ति की शर्तों के लिए नियोजक संस्था स्वयं उत्तरदायी होगी। नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदान करने तक सीमित रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications