Bihar Politics: 'तो इसमें...', तेजस्वी यादव की सुरक्षा घटाने पर तेजप्रताप ने दी प्रतिक्रिया, क्या कहा?
Tejashwi Yadav security: बिहार की राजनीति में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा श्रेणी को Z से घटाकर Y किए जाने के बाद सियासी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। इस फैसले पर जहां तेजस्वी यादव के बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने संतुलित प्रतिक्रिया दी।
वहीं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। पार्टी का आरोप है कि एनडीए सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है और यह कदम सरकार की घबराहट को दर्शाता है।

तेजप्रताप यादव की प्रतिक्रिया
तेजस्वी यादव की सुरक्षा घटाए जाने के सवाल पर तेजप्रताप यादव ने सहज और बेबाक अंदाज में प्रतिक्रिया दी। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर सुरक्षा घटा दी गई है तो इसमें वे कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके कहने से सुरक्षा बढ़ने वाली नहीं है। तेजप्रताप का बयान इस मुद्दे पर ज्यादा आक्रामक न होकर व्यावहारिक नजर आया। उन्होंने पूरे मामले को सामान्य प्रशासनिक निर्णय की तरह लिया और इसे लेकर कोई बड़ा राजनीतिक बयान देने से परहेज किया।
ये भी पढे़ं: Bihar News: बिहार के सांसदों-विधायकों में हड़कंप! आनन-फानन में क्यों लौटाने लगे पेंशन की राशि?
बसंत पंचमी पर संदेश
राजनीतिक सवालों के बीच तेजप्रताप यादव ने बसंत पंचमी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि माता सरस्वती ज्ञान की देवी हैं और विशेष रूप से छात्रों के लिए यह दिन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इसी कारण छात्र अपनी किताब और कलम को माता के सामने रखकर पूजा करते हैं। तेजप्रताप ने बिहार समेत पूरे देशवासियों के लिए ज्ञान, सद्बुद्धि और प्रगति की कामना की। उनका यह संदेश धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ा हुआ नजर आया।
आरजेडी की कड़ी आपत्ति
तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कटौती को लेकर आरजेडी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि यह कदम एनडीए सरकार द्वारा विपक्ष को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की बढ़ती सक्रियता से घबराई हुई है और लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। आरजेडी का दावा है कि यह फैसला किसी सुरक्षा आकलन से ज्यादा राजनीतिक मानसिकता को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें: Tejashwi on Bihar Election: 'लोक नहीं तंत्र जीता', विदेश से लौटते ही तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
सरकार पर राजनीतिक बदले का आरोप
आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार रोजगार, विकास, महिला सुरक्षा और अपराध जैसे मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछते रहे हैं, जिससे सत्ताधारी दल असहज है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के आंदोलन से पहले ही सुरक्षा में कटौती करना सरकार की बेचैनी दिखाता है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि एनडीए के कई नेताओं को Z-प्लस सुरक्षा क्यों दी गई है, जबकि विपक्ष के नेता की सुरक्षा घटा दी गई। इसे उन्होंने राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया।












Click it and Unblock the Notifications