Bihar: पुलिसकर्मी से तेज प्रताप यादव ने लगवाए 'ठुमके', भड़के BJP-JDU नेता, जानिए किसने क्या कहा?
Bihar News: चुनावी साल होने की वजह से बिहार में राजनीति काफी गरमा हुई है। इस बीच, लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बड़े बेटे और आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह होली पर एक पुलिसकर्मी को वर्दी में जबरन डांस करने का आदेश देते हुए नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव पुलिसकर्मी से कहते है, 'ऐ सिपाही..ऐ दीपक...सुनिए...एक गाना बजाएंगे उस पर तुमको ठुमका लगाना है। आज नहीं ठुमका लगाओगे तो सस्पेंड कर दिए जाओगे...बुरा मत मानो होली है।' इसके बाद वर्दी में पुलिसकर्मी ठुमके लगाने लगता है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद बिहार में सियासत तेज हो गई है।

जेडीयू और बीजेपी नेताओं ने आरजेडी और तेज प्रताप यादव पर तीखा हमला बोला है। बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा, 'जैसा बीज बोया जाता है, वैसा ही पौधा उगता है। राजद की संस्कृति वही है जो जंगलराज के दौरान थी। इसमें कुछ भी नया नहीं है। राजद की संस्कृति कानून की धज्जियां उड़ाना, संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का मजाक उड़ाना है।
बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तेजप्रताप ने अपने अंगरक्षक को नाचने के लिए कहा। अगर ऐसा नहीं किया तो वह उसे निलंबित कर देंगे। हालांकि, उनके पास निलंबित करने की शक्ति और अधिकार नहीं है। ये नीतीश कुमार की सरकार है, जंगलारता नहीं। ऐसी भाषा का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है..राजद नेताओं का विकास नहीं हुआ है।
वहीं, जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा, 'जंगलराज खत्म हो गया है, लेकिन लालू के युवराज एक पुलिसकर्मी को धमकी दे रहे हैं। अगर वह (पुलिसकर्मी) उनके निर्देश का पालन नहीं करेगा तो उसे परिणाम भुगतने होंगे। बिहार अब बदल गया है, चाहे तेजस्वी यादव हों..या तेज प्रताप यादव..उन्हें यह समझने की जरूरत है कि इस बदलते बिहार के माहौल में ऐसी हरकतों के लिए कोई जगह नहीं है।
बिहार सरकार में मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि तेज प्रताप यादव जिस तरह से बिहार की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को आदेश दे रहे हैं, वे फिर से जंगलराज की याद दिला रहे हैं। बिहार में कानून का राज है और पुलिस अधिकारी, कर्मचारी सुरक्षा के लिए लगे हैं, नाचने-गाने के लिए नहीं। उन्हें (तेज प्रताप को) सस्पेंड करने का कोई अधिकार नहीं है, उन्हें नियम और कानून की जानकारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ये बहुत निंदनीय है... तेज प्रताप यादव को माफी मांगनी चाहिए, और अपनी गलती के लिए खेद व्यक्त करना चाहिए। आने वाले समय में जनता उन्हें सबक सिखाएगी। वहीं, भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि इससे पता चलता है कि तेज प्रताप यादव के संस्कार क्या हैं, यह हाल तब है जब आज बिहार में उनकी सरकार नहीं है।
खंडेलवाल ने आगे कहा कि उन दिनों की कल्पना करें जब बिहार में उनकी सरकार थी तब उन्होंने क्या कुछ पुलिसकर्मियों, अधिकारियों से नहीं कराया होगा। इससे साफ पता चलता है कि ये अंग्रेजी मानसिकता के लोग हैं और ये हर किसी को अपना नौकर समझते हैं। यह बहुत खराब बात है।
ये भी पढ़ें: 'ठुमके नहीं लगाओगे तो सस्पेंड हो जाओगे', तेज प्रताप यादव ने पुलिसकर्मी को दी धमकी, नाचने को किया मजबूर












Click it and Unblock the Notifications