'नीतीश कुमार का दिमाग खराब, चिंताजनक स्थिति', बिहार के सीएम पर भड़का पूरा लालू परिवार
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वो (नीतीश कुमार) राष्ट्रगान के वक्त हंसते और बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सीएम नीतीश को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इस मुद्दे पर राजनीति भी गरमा गई है।
इस मुद्दे पर अब आरजेडी विधायकों ने बिहार सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही, उन पर राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कल राष्ट्रगान का अपमान किया और एक 'बिहारी' होने के नाते मुझे शर्म आती है।'

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के नेता हैं और कल की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय राजनीति के इतिहास में यह पहली घटना है कि किसी मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। बीजेपी के नेता सिर्फ ड्रामा करते हैं, बिहार के दोनों डिप्टी सीएम कहां हैं?
बिहार के सीएम नीतीश कुमार को रिटायर हो जाना चाहिए। इतना ही नहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके स्वास्थ्य के बारे में डॉक्टर बताएंगे या नीतीश कुमार बताएंगे लेकिन लग रहा है कि अस्वस्थ हैं। वहीं, आरजेडी विधायक और पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा कि उनकी (नीतीश कुमार) मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
हम मांग करते हैं कि अगर उनका दिमाग काम नहीं कर रहा है तो उन्हें अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। लालू यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से पूछना चाहती हूं कि क्या आपको राष्ट्रगान के समय बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शारीरिक और मानसिक स्थिति सही लग रही थी?
वे पहले भी अपमानित करते आए हैं। वे आए दिन युवाओं और महिलाओं का अपमान करते हैं। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रगान का अपमान, भारत बर्दाश्त नहीं करेगा।
कैसे शुरू हुआ ये विवाद?
दरअसल, राष्ट्रगान के बजते वक्त नीतीश कुमार मंच पर अपने प्रधान सचिव दीपक कुमार के साथ खड़े थे। इस दौरान वे हंसते और उनसे बात करते नजर आए। इस दौरान IAS अधिकारी दीपक कुमार बहुत असहज भी नजर आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने इशारों में नीतीश कुमार से सावधान की मुद्रा में खड़ा होने के लिए भी कह रहे थे।
ये भी पढ़ें: Nitish Kumar Viral: '10 साल में ही धरती खत्म हो जाएगी', विधानसभा में नीतीश कुमार ने बताई वजह












Click it and Unblock the Notifications