VIRAL VIDEO: घर से भागे प्रेमी जोड़े की भरी पंचायत में कराई शादी, रिश्ते में दोनों लगते हैं भाई-बहन
कटिहार। एक तरफ जहां केंद्र और राज्य सरकार प्रदेश में बाल विवाह रोकने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रमों का आयोजन कराकर लोगों को जागरूक करने की कोशिश कर रही है । वहीं दूसरी तरफ इस मुहिम को धता बताने की कोशिश हो रही है। ताजा मामला बिहार के कटिहार जिले का है, जहां भरी पंचायत में घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका की जबरदस्ती शादी करवा दी गई और लोगों ने यह भी नहीं देखा कि वो आपस में भाई-बहन हैं।

नाबालिग जोड़े की करा दी शादी
घटना कटिहार जिले के हसनगंज थाना क्षेत्र के कालीगंज गांव का है, जहां नाबालिग भाई-बहन की जबरन शादी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर आप देख सकते हैं कि एक जगह पर काफी अधिक संख्या में लोग एकत्रित हुए हैं और भीड़ नाबालिग जोड़े की जबरन शादी करा रही है। शादी में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं, जो लड़के से जबरन लड़की की मांग भरवा रही हैं और भीड़ के बीच दोनों की शादी करवा रही हैं।

लड़के के पिता ने पंचायत पर लगाया आरोप
वहीं इस वायरल वीडियो में पंचायत के मुखिया और सरपंच पंचायत लगा कर दोनों नाबालिगों की सैकड़ों लोगों के बीच जबरन शादी करवाने का निर्देश देते हुए दिख रहे हैं। वहीं, रामपुर पंचायत के नाबालिग लड़के गुड्डू महतो के पिता शंकर महतो ने पंचायत पर आरोप लगाया है कि जबरन पंचायत से उठा कर मेरे बेटे की शादी करा दी गई और जिस लड़की से शादी कराई गई वो रिश्ते में उसकी बहन है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
वहीं इस मामले पर कटिहार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हरिमोहन शुक्ला ने कहा कि वीडियो के जरिये जानकारी हमें भी मिली है और हम घटना का सत्यापन करा रहे हैं कि घटना कहां की है और कौन-कौन लोग इसमें शामिल है। उन्होंने कहा कि हसनगंज थाने को निर्देश दिया गया है कि तुरंत पता करें कि यह वायरल वीडियो कहां का है, जैसे ही कुछ जानकारी मिलती है और साक्ष्य मिलता है तो सभी दोषियों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी ।












Click it and Unblock the Notifications