बिहार में लू हुई जानलेवा! 24 घंटे में 17 की मौत, कहीं सिपाही तो कहीं बीच सड़क महिला की गई जान
Bihar Heat Wave:बिहार राज्य में 24 घंटे में लू लगने से 17 लोग काल के गाल में समा गए। मौत की यह वेव रोहतास जिले को पूरी तरह से जकड़ चुकी है। अकेले इस जिले में 8 लोगों की मौत हुई है।
जून की गर्मी जानलेवा होती जा रही है। बिहार, यूपी, झारखंड में भीषण गर्मी के कहर से कोई भी राज्य अछूता नहीं रहा है। अकेले बिहार राज्य में 24 घंटे में लू लगने से 17 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 7 बुजुर्ग और एक युवक शामिल है। सबसे ज्यादा घातक रोहतास जिला उभर कर सामने आया है। यहां अकेले 8 लोगों ने लू से दम तोड़ा है। हीट वेव सबसे ज्यादा बुजुर्ग व बिमार लोगों को अपना शिकार बना रही है।
वहीं, सिवान में एक सिपाही की लू लगने से मौत की खबर सामने आई है। उधर, रविवार दोपहर पटना में हुई बारिश से लोगों को 18 दिनों की भीषण गर्मी की तपिश से कुछ राहत जरूर मिली। लेकिन, एकाएक कर 17 की मौत ने जरूर राज्य को हिला कर रख दिया है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को 27 जिलों में मेघ गर्जना होगी। किशनगंज में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

सिवान में सिपाही की मौत
सिवान जिले के हुसैनगंज थाना में पदस्थापित पीटीसी कलामुद्दीन अंसारी की लू लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोमवार तडके कलामुद्दीन को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान कलामुद्दीन ने दम तोड़ दिया। यह रोहतास के रहने वाले थे।
लू बनी घातक, गोपालगंज में 3 की मौत
वहीं, गोपालगंज के हथुआ में भीषण गर्मी से तीन लोग काल के गाल में समा गए। हालांकि, तीनों पहले से किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और लू के चलने से ही तीनों की मौत हुई है। बिहारशरीफ मंडल कारा में विचाराधीन कैदी धर्मेंद्र पासवान, जहानाबाद के घोसी में सरोज देवी(60), गया के गुरुआ आरसी में बीच सड़क एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। हालांकि, अभी किसी की रिपोर्ट में लू की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन, आशंका यही जताई जा रही है।
आंकड़ों में समझें 24 घंटे में 17 की मौत
- रोहतास- 8
- गोपालगंज- 3
- जमुई- 2
- नालंदा-1
- गया-1
- जहानाबाद-1
- आरा-1












Click it and Unblock the Notifications