Bihar Election: दूसरे चरण में बंपर वोटिंग से किसको फायदा? कौन जीतेगा ज्यादा सीटें? इस दिग्गज नेता ने बताया
Bihar Election 2025 Phase 2: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का दूसरा और अंतिम चरण आज (11 नवंबर) बेहद उत्साह के माहौल में संपन्न हो रहा है। 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग जारी है और दोपहर 3 बजे तक 60.40% मतदान दर्ज किया गया, जो पहले चरण की तुलना में करीब 6% ज्यादा है। सबसे अधिक मतदान किशनगंज (66.10%) में हुआ है, जबकि नवादा (53.17%) में सबसे कम वोटिंग हुई।
मांझी बोले-122 में से 80 सीटें NDA की झोली में जाएंगी"
गया जिले के महकार गांव में वोट डालने के बाद केंद्रीय मंत्री और हम (सेक्यूलर) पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने दावा किया कि एनडीए इस बार दूसरे चरण की 122 में से कम से कम 80 सीटों पर जीत दर्ज करेगा। मांझी ने कहा कि पहले चरण की तरह इस बार भी महिलाओं और युवाओं में NDA के पक्ष में जोरदार उत्साह है।

उन्होंने कहा, "बिहार की जनता अब विकास, स्थिरता और सुशासन चाहती है। NDA की सरकार ने सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो काम किया, उसी का नतीजा है कि जनता फिर हमारे साथ है।"
तेजस्वी यादव बोले-"बिहार ने कमाल कर दिखाया"
दूसरी ओर महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव ने मतदान को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "मन गदगद है, मेरे बिहार ने कमाल कर दिखाया है। हर वर्ग, हर तबके के लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मैं सभी बिहारवासियों से अपील करता हूं कि घर से निकलकर वोट जरूर दें, क्योंकि आपकी एक उंगली की स्याही आने वाले पांच सालों का भविष्य तय करेगी।"
भाजपा नेताओं का दावा-"शांतिपूर्ण मतदान, रिकॉर्ड वोटिंग"
दानापुर से भाजपा उम्मीदवार राम कृपाल यादव ने कहा कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और इस बार भी रिकॉर्ड वोटिंग की उम्मीद है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि "अगर राजद 20-25 सीटें भी जीत जाए, तो बहुत बड़ी बात होगी।"
वहीं अलीनगर से भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर ने मतदान करने के बाद कहा, "मैंने अपने क्षेत्र के विकास के लिए वोट दिया है। लोगों का जो प्यार और आशीर्वाद मिला है, उससे मैं अभिभूत हूं। 14 नवंबर को जो भी फैसला आएगा, वो हमें मंजूर होगा।"
हम पार्टी की छह सीटों पर नजर
मांझी की पार्टी हम (सेक्यूलर) इस बार 6 सीटों पर चुनाव मैदान में है। इनमें इमामगंज से उनकी बहू दीपा कुमारी, बाराचट्टी से ज्योति देवी, टिकारी से अनिल कुमार, अतरी से रोमित कुमार, सिकंदरा से प्रफुल्ल मांझी और कुटुंबा से ललन राम प्रत्याशी हैं। इन सभी की किस्मत आज ईवीएम में कैद हो गई है।
दूसरे चरण की बंपर वोटिंग से साफ है कि बिहार की जनता इस बार दिल खोलकर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभा रही है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि यह भारी वोटिंग NDA के विकास के नारे के पक्ष में जाती है या महागठबंधन के बदलाव के वादे के साथ नई दिशा तय करती है।












Click it and Unblock the Notifications