Bihar Election 2025: NDA-महागठबंधन में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा? आज होगा बड़ा ऐलान! ऐसा होगा संभावित फॉर्मूला
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और अब मुकाबला सीटों के गणित पर आ टिका है। एनडीए और महागठबंधन-दोनों ही मोर्चों में सीट शेयरिंग को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों गठबंधन शनिवार (11 अक्टूबर) को अपने-अपने सीट बंटवारे का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं। यानी आज बिहार की राजनीति में बड़ा दिन होने वाला है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आज शाम तक एनडीए और महागठबंधन दोनों अपने-अपने सीट फॉर्मूले का ऐलान कर देंगे। दोनों ही खेमों में टिकटों को लेकर लॉबिंग तेज है और कई बड़े नाम अपनी सीट बचाने की जद्दोजहद में हैं। अगर आज घोषणा हो जाती है, तो यह बिहार चुनाव 2025 की दिशा तय करने वाला सबसे अहम मोड़ साबित होगा। ऐसे में आइए जानते हैं दोनों गठबंधन में संभावित सीट बंटवारा किस तरह हो सकता है।

🔹NDA में सहमति बन चुकी, दिल्ली में फाइनल ड्राफ्ट तैयार
एनडीए खेमे में सीट बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने इस पूरे फॉर्मूले की कमान अपने हाथ में ली है, जबकि जदयू, एलजेपी (रामविलास), हम और आरएलएम को उनकी-उनकी हिस्सेदारी का भरोसा दिला दिया गया है। आज सुबह दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े, और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा हो सकती है।
🔹 NDA Seat Sharing: संभावित सीट बंटवारे का फॉर्मूला
सूत्रों के मुताबिक एनडीए में सीटों का संभावित बंटवारा कुछ इस तरह तय हुआ है
- जदयू - 105 सीटें
- बीजेपी - 103 सीटें
- एलजेपी (रामविलास) - 22 सीटें
- हम (जितन राम मांझी) - 7 सीटें
- आरएलएम (उपेंद्र कुशवाहा) - 5 सीटें
यानी एनडीए में कुल 242 सीटों का संतुलन लगभग तय हो गया है। बताया जा रहा है कि जदयू ने 6 सिटिंग विधायकों के टिकट काटने का फैसला किया है। इनमें कई नेता पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी कर चुके थे।
🔹 महागठबंधन में भी फॉर्मूला तैयार, ऐलान कभी भी संभव
वहीं महागठबंधन के भीतर भी पिछले चार दिनों से बैठकों का दौर चल रहा है। आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के बीच सीट फॉर्मूला लगभग फाइनल हो चुका है, बस औपचारिक घोषणा बाकी है।
तेजस्वी यादव की अगुवाई में बनी सहमति के मुताबिक-
- RJD - 137 सीटें
- कांग्रेस - 54 सीटें
- VIP - 18 सीटें
- CPI(ML) - 22 सीटें
- CPI - 4 सीटें
- CPM - 6 सीटें
- JMM - 2 सीटें
सूत्रों की मानें तो अगर LJP (पारस गुट) महागठबंधन में शामिल होता है तो उसे 3 सीटें RJD अपने कोटे से देने को तैयार है।
🔹 जदयू में टिकट कटने से बढ़ी बेचैनी, दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी
नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में इस वक्त सबसे ज्यादा हलचल मची है। बताया जा रहा है कि पार्टी ने छह विधायकों के टिकट काटने का फैसला किया है, जिसकी भनक लगते ही दो विधायकों ने राजद का दामन थाम लिया है।
नीतीश कुमार की मौजूदगी में हुई बैठक में यह तय किया गया कि उम्मीदवारों की सूची "विजय संभावना" के आधार पर तय की जाएगी। मुख्यमंत्री खुद इन नामों पर अंतिम मुहर लगाएंगे।
🔹 दिल्ली में बैठक के बाद मान गए चिराग, बोले- पीएम मोदी हैं तो सम्मान की चिंता नहीं
एनडीए के भीतर सबसे ज्यादा पेंच चिराग पासवान की सीट डिमांड को लेकर था, जो अब लगभग सुलझ गया है। दिल्ली में शुक्रवार को चिराग पासवान और नित्यानंद राय की मुलाकात के बाद सब कुछ ठीक होता दिख रहा है।
मुलाकात के बाद चिराग ने कहा, "सीट शेयरिंग पर बातचीत अंतिम दौर में है। जहां मेरे प्रधानमंत्री मोदी हैं, वहां मुझे अपने सम्मान की चिंता करने की जरूरत नहीं है।"
वहीं नित्यानंद राय ने भी कहा कि "जल्द ही सब कुछ फाइनल कर लिया जाएगा।" दोनों नेताओं की मुस्कुराती तस्वीरें इस बात की गवाह हैं कि एनडीए में अब सब कुछ लगभग पटरी पर है।












Click it and Unblock the Notifications