Bihar Election LIVE: तेजस्वी की मुजफ्फरपुर रैली रद्द, बोले– मौसम हमें रोक सकता है लेकिन आवाज नहीं दबा सकता
Bihar Election 2025 LIVE Update: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर जनता से एनडीए को जिताने की अपील की। वहीं अखिलेश यादव आज दरभंगा में आरजेडी उम्मीदवार भोला यादव के लिए प्रचार करेंगे। मुजफ्फरपुर में जेपी नड्डा एनडीए प्रत्याशी रमा निषाद के समर्थन में जनसभा करेंगे। दूसरी ओर, बक्सर में भाजपा उम्मीदवार आनंद मिश्रा के लिए भोजपुरी स्टार पवन सिंह का रोड शो होगा। इस बीच बाहुबली नेता दुलारचंद यादव की मौत की वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सामने आई है-गाड़ी चढ़ने से सीने की हड्डी टूटने और फेफड़े फटने से उनकी जान गई।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पल-पल के अपडेट के लिए बने रहिए वनइंडिया हिंदी के इस लाइव ब्लॉग पर
LIVE Feed
प्रियंका गांधी का हमला—“20 साल में नौकरी नहीं दी, अब चुनाव में वादे क्यों?”
बिहार के बेगूसराय में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये लोग ऐसी बातें करते हैं जिससे जनता डर जाए, लेकिन लोगों को अब डर नहीं चाहिए—उन्हें अपने वर्तमान और रोज़मर्रा की ज़िंदगी की बात करनी है। प्रियंका ने कहा, “प्रधानमंत्री यहां आकर पूछते हैं कि कितने करोड़ दूं, लेकिन असल सवाल ये है कि पिछले 20 साल की सरकार में लोगों को नौकरियां क्यों नहीं दी गईं? अब चुनाव आते ही रोजगार देने की बातें क्यों की जा रही हैं?”
जेपी नड्डा का दावा—बिहार में विकास की रफ्तार, 1 करोड़ लोगों को रोजगार और 1 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का संकल्प
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि आज बिहार हर दिशा में सड़कों के नेटवर्क से जुड़ा है—चाहे नेशनल हाईवे हो, स्टेट हाईवे, एलिवेटेड रोड या एक्सप्रेसवे। पटना मेट्रो का पहला फेज शुरू हो चुका है और दूसरे फेज का काम भी तेज़ी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने 1 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य तय किया है और अपने घोषणा पत्र में 1 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया है।
उजीयारपुर में अमित शाह का हमला—महाठगबंधन में घमासान, NDA के पांच पांडव एकजुट
उजीयारपुर (समस्तीपुर) में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 6 नवंबर को पहले चरण में चुनाव होने हैं, और उसी दिन बिहार की जनता तय करेगी कि शासन उन हाथों में जाए जो 15 साल तक ‘जंगलराज’ फैलाते रहे या उन हाथों में जो 20 साल से सुशासन दे रहे हैं। शाह ने कहा कि “20 साल से नीतीश बाबू और पिछले 11 साल से प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश बाबू मिलकर बिहार के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि एनडीए की पांचों पार्टियां पांच ‘पांडव’ की तरह एकजुट हैं, जबकि सामने महाठगबंधन है, जो हमारे खिलाफ नहीं बल्कि आपस में ही लड़ रहा है।
तेजस्वी यादव की मुजफ्फरपुर रैली रद्द, बोले– मौसम हमें रोक सकता है लेकिन आवाज नहीं दबा सकता
खराब मौसम और बारिश के चलते आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित रैली रद्द करनी पड़ी। तेजस्वी बरुराज और साहेबगंज में महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में सभा करने वाले थे, लेकिन हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद उन्होंने फोन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “मौसम हमें रोक सकता है, पर हमारी आवाज को नहीं दबा सकता।” उन्होंने जनता से अपील की कि राजद के संदेश को घर-घर पहुंचाएं और बिहार को बेरोजगारी व पलायन से मुक्त कराने के अभियान में साथ दें।
सम्राट चौधरी का हमला: “महिलाओं के खाते में जा रहे पैसे से RJD को परेशानी”
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजद पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि आरजेडी को उन योजनाओं से परेशानी है, जिनसे महिलाओं को सीधा फायदा मिल रहा है। सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया, “राजद ने महिलाओं के खाते में जाने वाले पैसों पर आपत्ति जताई है। बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है कि लालू यादव ने पहले महिला बिल फाड़ा था। अब जब महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए 2 लाख रुपये दिए जा रहे हैं, तो इसे रोकने के लिए रोज़-रोज़ आवेदन दिए जा रहे हैं।”
प्रशांत किशोर की रैली में विरोध के नारे, समर्थकों ने जताई नाराजगी
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी प्रखंड में शुक्रवार की रात जन सुराज अभियान के संस्थापक और अध्यक्ष प्रशांत किशोर को विरोध का सामना करना पड़ा। तुर्की ओवरब्रिज के पास कुछ समर्थकों ने ही उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि प्रशांत किशोर को पहले मोकामा जाकर दिवंगत नेता दुलारचंद यादव के परिवार से मिलना चाहिए था और शोक संवेदना व्यक्त करनी चाहिए थी।
दरअसल, प्रशांत किशोर शुक्रवार की रात जन आशीर्वाद रैली के तहत कुढ़नी पहुंचे थे। इस दौरान प्रत्याशी अफरोज आलम के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। रैली शाम सात बजे से शुरू होकर देर रात तक चली, लेकिन बीच में विरोध के स्वर भी उठे, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
मोकामा कांड पर बोले आरके सिंह — ‘लोकतंत्र का मजाक उड़ाया गया, चुनाव आयोग सख्त कार्रवाई करे’
मोकामा हत्याकांड पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता आरके सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग को आचार संहिता के सख्त पालन को सुनिश्चित करना चाहिए। यह चुनाव आयोग और जिला प्रशासन दोनों की नाकामी है। चुनाव के दौरान इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों से लैस वाहनों का काफिला खुलेआम घूमना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक उड़ाने जैसा है। आरके सिंह ने मांग की कि जिम्मेदार अधिकारियों और प्रभावशाली प्रत्याशियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और ऐसे मामलों पर लगाम लगाई जा सके।
मोकामा हत्याकांड पर संजय सिंह का हमला — ‘ये सुशासन है या कुशासन?’
आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने मोकामा गोलीकांड पर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चुनाव के दौरान आम लोगों से लाइसेंसी हथियार तक जमा कराए जाते हैं, तो फिर अपराधी खुलेआम हथियार लेकर कैसे घूम रहे हैं? संजय सिंह ने कहा कि दुलारचंद यादव के शव यात्रा के दौरान भी पथराव और गोलीबारी की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को तय करना चाहिए कि यह सुशासन है या कुशासन।
Bihar Chunav: 'बिहारी कहलाना अपमान नहीं, अब है सम्मान की बात', CM नीतीश ने जनता से मांगा मौका, किए बड़े वादे!
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जनता को संबोधित करते हुए एक भावनात्मक अपील की है। उन्होंने अपने 2005 से शुरू हुए कार्यकाल को याद किया और दावा किया कि उनके शासन से पहले "बिहारी कहलाना अपमान का विषय" माना जाता था, लेकिन अब यह "सम्मान की बात" बन गई है। मुख्यमंत्री ने NDA को एक और कार्यकाल देने की पुरजोर अपील की और राज्य को देश के "टॉप राज्यों" में शामिल करने का वादा किया।












Click it and Unblock the Notifications