Bihar Chunav: नीतीश कुमार का भावनात्मक संदेश, ‘परिवार के लिए नहीं, बिहार के लिए किया काम, एक मौका और दें’
Bihar Chunav 2025 (Nitish Kumar): बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता के नाम एक भावनात्मक वीडियो संदेश जारी किया है। जेडीयू के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से शेयर किए गए इस वीडियो में नीतीश कुमार ने मतदाताओं से एनडीए सरकार को दोबारा मौका देने की अपील की है।
उन्होंने अपने 2005 से शुरू हुए कार्यकाल को याद किया और दावा किया कि उनके शासन से पहले "बिहारी कहलाना अपमान का विषय" माना जाता था, लेकिन अब यह "सम्मान की बात" बन गई है। मुख्यमंत्री ने NDA को एक और कार्यकाल देने की पुरजोर अपील की और राज्य को देश के "टॉप राज्यों" में शामिल करने का वादा किया।

नीतीश कुमार बोले- 'जब हमने काम संभाला था तो बिहार की हालत बेहद खराब थी'
वीडियो में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते हैं, "जब हमने काम संभाला था, तब बिहार की हालत बेहद खराब थी। उस समय कानून-व्यवस्था जैसी कोई चीज नहीं थी। हमने दिन-रात मेहनत कर प्रदेश को पटरी पर लाने का काम किया।"
नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने कभी अपने परिवार के लिए राजनीति नहीं की, बल्कि जनता के हित और राज्य के विकास को ही अपना लक्ष्य बनाया। उन्होंने कहा, "हमने हर वर्ग, हर समुदाय के लिए काम किया है, चाहे महिलाओं को सशक्त बनाना हो, युवाओं को रोजगार देना या गांवों तक विकास पहुंचाना। अब बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए हमें एक और मौका दीजिए।''
"2005 में बिहार बदहाल था, आज सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है"
वीडियो संदेश की शुरुआत में नीतीश कुमार ने कहा, "बिहार के मेरे प्यारे भाइयों एवं बहनों, आपने मुझे वर्ष 2005 से लगातार सेवा करने का मौका दिया। जब हमने बिहार संभाला था, तब हालत बहुत खराब थी। उस समय बिहारी कहलाना अपमान की बात मानी जाती थी। लेकिन हमने पूरी ईमानदारी और मेहनत से दिन-रात काम किया ताकि बिहार फिर से गौरवशाली बने।"
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने सबसे पहले कानून-व्यवस्था सुधारने का काम किया और फिर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, कृषि और रोजगार जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए।
"महिलाएं अब आत्मनिर्भर बनीं, किसी पर निर्भर नहीं"
नीतीश कुमार ने महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने महिलाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया था। उन्होंने कहा, "हमने महिलाओं को सशक्त बनाया है ताकि वे किसी पर निर्भर न रहें। अब वे अपने परिवार और बच्चों के लिए हर जिम्मेदारी निभा सकती हैं।"
उनके अनुसार, बिहार में आज महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर हैं, बल्कि पंचायतों से लेकर सरकारी नौकरियों तक में अपनी भागीदारी मजबूती से दर्ज करा रही हैं।
"हर वर्ग के विकास के लिए काम किया, किसी से भेदभाव नहीं"
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि उनकी सरकार ने समाज के हर तबके के लिए समान रूप से काम किया है। "हमने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। चाहे हिंदू हो या मुस्लिम, सवर्ण हो या पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित या महादलित- सबका विकास हमारा लक्ष्य रहा है। हमने अपने परिवार के लिए नहीं, बिहार के लोगों के लिए काम किया है।"
"एनडीए सरकार से ही तेज़ी से होगा विकास"
नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार की भूमिका अहम रही है। "केंद्र और राज्य दोनों जगह एनडीए की सरकार होने से विकास की गति दोगुनी हुई है। बिहार का विकास केवल एनडीए ही कर सकती है," उन्होंने कहा।
"6 और 11 नवंबर को ज्यादा से ज्यादा वोट करें"
नीतीश कुमार ने बिहार के मतदाताओं से अपील की कि वे आगामी 6 और 11 नवंबर को मतदान के दिन भारी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचें और एनडीए के उम्मीदवारों को जीत दिलाएं। उन्होंने कहा, "एक बार फिर हमें मौका दीजिए, ताकि हम बिहार को इतना विकसित बना सकें कि यह देश के सबसे आगे बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हो जाए।"
संदेश के अंत में उन्होंने कहा, "अब बिहारी कहलाना अपमान नहीं, बल्कि सम्मान की बात है। आइए, इस सम्मान को और ऊंचा करें। जय हिंद, जय बिहार।"
जेडीयू का यह वीडियो मैसेज एनडीए के प्रचार अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें नीतीश कुमार अपने शासनकाल के विकास कार्यों और सुशासन मॉडल को दोबारा जनता के सामने रख रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications