Bihar: 32 महीने की नौकरी और 2.5 करोड़ का लेन-देन! शिक्षा विभाग के अधिकारी के पास आय से 72% ज्यादा संपत्ति
Bihar News: बिहार के सहरसा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत अमर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह बिहार के तीन जिलों में उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में EOU ने दावा किया है कि अजीत अमर ने अपनी ज्ञात आय से 62.20 लाख रुपए अधिक की संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी वैध आय से करीब 72.35 प्रतिशत ज्यादा है।
इससे पहले भी उनके खिलाफ करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन, रिश्वतखोरी और परिवार के नाम पर संपत्ति जुटाने के आरोप सामने आए थे।

EOU ने चार ठिकानों पर एक साथ की छापेमारी
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने शुक्रवार सुबह सहरसा, सीवान और छपरा में अजीत अमर से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। सीवान के दरौंदा प्रखंड स्थित पैतृक घर, सहरसा के नया बाजार स्थित किराए के आवास और सरकारी कार्यालय तथा छपरा की गंडक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास की तलाशी ली गई। सीवान में पैतृक घर बंद होने के कारण टीम ने ताला खुलवाकर करीब छह घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: Bihar News: मोतिहारी में खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई उर्वरक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित
प्रारंभिक जांच में आय से 62 लाख अधिक संपत्ति का दावा
EOU की प्रारंभिक जांच के मुताबिक अजीत अमर ने अपनी ज्ञात आय की तुलना में 62 लाख 20 हजार 550 रुपए अधिक की संपत्ति अर्जित की है। जांच एजेंसी का कहना है कि यह उनकी वैध आय से करीब 72.35 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद संपत्तियों और बैंक खातों का पूरा ब्योरा खंगाला जाएगा।
32 महीने की नौकरी में खातों से हुआ 2.51 करोड़ का लेन-देन
एक महीने पहले जांच समिति की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार सारण में 32 महीने की पोस्टिंग के दौरान अजीत अमर की कुल सैलरी 27.43 लाख रुपए थी, जबकि इसी अवधि में उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों से 2 करोड़ 51 लाख 6 हजार 562 रुपए का लेन-देन मिला। जांच समिति ने प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति का मामला माना और अनुमान जताया कि वास्तविक अवैध आय तीन करोड़ रुपए से भी अधिक हो सकती है।
पत्नी के नाम जमीन, करोड़ों का घर और परिवार की संपत्ति जांच के दायरे में
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अजीत अमर ने अपनी पत्नी पूजा कुमारी के नाम पर सारण के एकमा प्रखंड में करीब 6 बीघा 9 कट्ठा 8 धुर जमीन 41.50 लाख रुपए में खरीदी। इसके अलावा गांव रैनी में करोड़ों रुपए की लागत से आलीशान मकान बनाए जाने की भी जानकारी मिली है। जांच समिति ने DPO, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के बैंक खातों, संपत्तियों और निवेश की विस्तृत जांच की सिफारिश की थी।
ये भी पढ़ें: 'नीतीश होते तो बांकीपुर में हार नहीं होती, जनता को लगा उन्हें जबरन हटाया गया', PK के जीत पर बोले अनंत सिंह
ठेकेदार ने 12.50 लाख रिश्वत मांगने का लगाया आरोप
DPO अजीत अमर पर रिश्वतखोरी के भी गंभीर आरोप लगे हैं। ठेकेदार रवि कुमार राम ने जिला लोक शिकायत निवारण कोषांग में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि शिक्षा विभाग में वेंडर का काम दिलाने के नाम पर उनसे 12.50 लाख रुपए मांगे गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने 10.70 लाख रुपए नकद दिए, जबकि बाकी राशि UPI के जरिए DPO की पत्नी और साले के खाते में भेजी गई। इन आरोपों की भी जांच जारी है।


Click it and Unblock the Notifications
