Bihar: साइबर ठग ने SP को लगाया फोन, बोला- मैं CM सचिवालय का OSD हूं, इस दारोगा को SHO बना दो
Bihar Gopalganj SP cyber fraud: बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस महकमे को हिला देने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। साइबर ठग ने खुद को मुख्यमंत्री सचिवालय का ओएसडी डॉ. गोपाल सिंह बताकर सीधे एसपी अवधेश दीक्षित से संपर्क साधा और एक दारोगा को एसएचओ पद पर पोस्टिंग देने की सिफारिश की।
ठग ने फोन कॉल के साथ-साथ एसपी के सरकारी व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज भी भेजे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत संज्ञान लिया और साइबर थाना को जांच शुरू करने व प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

क्या है मामला?
बिहार के गोपालगंज में सामने आए इस सनसनीखेज मामले में एक साइबर ठग ने खुद को मुख्यमंत्री सचिवालय का ओएसडी बताकर एसपी अवधेश दीक्षित से संपर्क साधा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 12 अगस्त की शाम करीब 7 बजे एसपी के सरकारी व्हाट्सएप नंबर पर ठग का मैसेज आया। उसमें ठग ने दावा किया कि वह सीएम हाउस का ओएसडी डॉ. गोपाल सिंह है और एक विशेष दारोगा को एसएचओ पद पर तैनात करने की सिफारिश की।
एसपी ने फौरन इस फर्जी पैरवी को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना को जांच का आदेश दिया। जांच में पता चला कि कॉल और मैसेज पूरी तरह फर्जी थे और ठगी की नीयत से भेजे गए थे।
किसी संगठित गिरोह की साजिश- पुलिस
साइबर थाना की टीम ने तकनीकी जांच से आरोपी की पहचान कर ली और उसके खिलाफ IPC की धारा 419 (प्रतिरूपण द्वारा छल), 420 (धोखाधड़ी) और IT एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस को आशंका है कि यह किसी संगठित गिरोह की साजिश भी हो सकती है। वहीं, जिस दारोगा के नाम पर सिफारिश की गई थी, उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दारोगा पर एक्शन
फर्जी पैरवी के इस मामले में अब उस दारोगा की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है, जिसके नाम पर एसएचओ पद पर पोस्टिंग की सिफारिश की गई थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दारोगा खुद इस साजिश का हिस्सा था या फिर उसका नाम सिर्फ़ अनजाने में इस्तेमाल किया गया। शुरुआती जांच के बाद अब उसकी गतिविधियों पर भी नज़र रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़ें Bihar News: तेजस्वी यादव पर क्यों भड़के CM नीतीश के बेटे निशांत? कही ऐसी बात, बिहार की राजनीति में हलचल तेज












Click it and Unblock the Notifications