Bihar Chunav: महागठबंधन के चुनावी वादों पर Smriti Irani ने साधा निशाना, तेजस्वी को बताया 'झुनझुना' देने वाला
Bihar Chunav Smriti Irani: बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार लाभार्थी योजनाओं के वादों की बरसात हुई है। एनडीए और महागठबंधन दोनों ने महिला, युवा, बुजुर्ग समेत हर वर्ग के लिए बड़े ऐलान किए हैं। तेजस्वी यादव ने संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने, जीविका दीदीयों को 30,000 वेतन देने, महिलाओं के बैंक खाते में 25,000 देने का वादा किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने आरजेडी और तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि ये सिर्फ जनता को भरमाने के लिए झुनझुना दे रहे हैं।
स्मृति ईरानी ने पटना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आरजेडी और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में एनडीए की सरकार ही बनेगी, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वो काम कर दिखाया जो राजद सरकार कभी नहीं कर सकी।

Smriti Irani ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
स्मृति ईरानी ने कहा कि आरजेडी और महागठबंधन वाले महिलाओं के अधिकार के खिलाफ है। इन्होंने महिला रोजगार योजना के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी नेता ने कहा, 'इससे महागठबंधन की मानसिकता साफ झलकती है। जो पार्टी महिलाओं की तरक्की से परेशान है, वह राज्य को फिर से पीछे ले जाने का काम करेगी।' तेजस्वी यादव के हालिया चुनावी वादों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्मृति ईरानी ने कहा, 'राजद की घोषणाएं सिर्फ झुनझुना हैं। जनता अब इन खोखले वादों को स्वीकार नहीं करेगी। बिहार की जनता जान चुकी है कि विकास, सुरक्षा और सम्मान सिर्फ एनडीए सरकार में संभव है।'
यह भी पढ़ें: Bihar Election: “इनको घर से मत निकलने दो” ललन सिंह के विवादित बयान पर सियासी संग्राम, RJD ने EC पर उठाए सवाल
Bihar Chunav में महिलाएं निभा सकती हैं बड़ी भूमिका
बिहार के चुनावों में हमेशा से आधी आबादी का सरकार बनाने में बड़ा हाथ रहा है। नीतीश कुमार की चुनावी सफलता के पीछे भी महिलाओं का समर्थन माना जाता है। महिला मतदाताओं को देखते हुए एनडीए की ओर से महिला नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारा जा रहा है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के बाद अब स्मृति ईरानी भी कई चुनावी सभाएं कर रही हैं।
स्मृति ईरानी ने महिलाओं से की खास अपील
महिला वोटर्स को लुभाने के लिए स्मृति ईरानी ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने, 'प्रधानमंत्री जनधन योजना से राज्य की करीब 3 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। हर घर में शौचालय निर्माण हुआ है और उज्ज्वला योजना के तहत 1 करोड़ 16 लाख महिलाओं को स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली है।'
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'एनडीए सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो कदम उठाए, वो ऐतिहासिक हैं। महिलाओं को केवल सामाजिक नहीं, बल्कि आर्थिक शक्ति भी मिली है।' उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बिहार में एनडीए सरकार के विकास कार्यों को जारी रखने के लिए आगे आएं और मतदान करें।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: दरभंगा में राहुल-तेजस्वी पर अमित शाह का तंज, 'घुसपैठियों को बचाने के लिए यात्रा निकालते हैं'












Click it and Unblock the Notifications