Bihar Chunav: पहले फेज की वोटिंग के बीच अररिया में महागठबंधन पर PM Modi का ताबड़तोड़ वार, छठ-राम मंदिर पर घेरा
Bihar Chunav PM Modi: बिहार विधानसभा चुनाव का संग्राम अब अपने आखिरी मोड़ पर है। 11 नवंबर को दूसरे फेज की वोटिंग है और 14 को नतीजे घोषित किए जाएंगे। आखिरी वक्त में सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा रही हैं। सीमांचल में दूसरे फेज में वोटिंग होगी और गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने अररिया में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आरजेडी के जंगलराज की याद दिलाते हुए महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस और आरजेडी के परिवारवाद पर भी पीएम ने तीखे वार किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए के विकास कार्यों की गिनती कराते हुए कहा कि मोदी के लिए जनता ही परिवार है। इन नामदारों को सिर्फ अपने परिवार और बेटों की परवाह है, लेकिन हमारे लिए जनता ही मालिक है। पीएम ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर राम मंदिर, सनातन प्रतीकों और छठी मैया के अपमान का भी आरोप लगाया।

PM Modi ने तेजस्वी-राहुल को कुंभ और राम मंदिर के नाम पर घेरा
पीएम मोदी ने तेजस्वी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, 'कांग्रेस हो या RJD, इन्हें देश की सुरक्षा और आस्था से कोई मतलब नहीं है। इसलिए ये लोग हमारी आस्था और संस्कृति का भी अपमान करते हैं। कांग्रेस के नामदार बिहार आकर छठी मैया की पूजा को ड्रामा बताते हैं। ये छठी मैया का, हमारी आस्था का अपमान है। हमारी माताएं-बहनें छठी मैया की आराधना में पानी तक नहीं पीतीं। ये उसे नौटंकी कहते हैं और आरजेडी वाले नामदार के मुंह पर ऐसी बात आने पर ताला लग जाता है।'
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav Phase 1 Voting: लालू, राबड़ी, तेजस्वी ने जहां डाले वोट, उस VIP सीट का है 'बॉलीवुड कनेक्शन'
घुसपैठियों के मुद्दे पर भी महागठबंधन को घेरा
सीमांचल इलाके में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा बीजेपी लगातार उठाती रही है। पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर महागठबंधन को घेरते हुए कहा, 'NDA की सरकार में नीतीश जी ने बहुत मेहनत से बिहार को जंगलराज से बाहर निकाला है। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास में नई तेजी आई है। हमारे इन प्रयासों के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती खड़ी है। वो चुनौती है घुसपैठियों की। एनडीए सरकार पूरी ईमानदारी से एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर निकालने में जुटी है।'
पीएम ने आगे कहा कि ये RJD और कांग्रेस वाले घुसपैठियों को बचाने में जुटे हैं। ये घुसपैठियों को बचाने के लिए भांति-भांति के झूठ फैलाते हैं, लोगों को गुमराह करने के लिए राजनीतिक यात्राएं निकालते हैं।
Bihar Chunav अपने आखिरी मोड़ पर पहुंचा
- बिहार के 18 जिलों की 121 सीटों पर गुरुवार, 6 नवंबर को मतदान हो रहा है। 11 नवंबर को दूसरे और आखिरी फेज की वोटिंग है। 14 नवंबर को नतीजे आएंगे।
- चुनाव प्रचार में अब गिनती के दिन बचे हैं और सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बिहार में पीएम मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह के अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गजों की टीम प्रचार में जुटी है।
- महागठबंधन की ओर से भी आखिरी दौर में ताबड़तोड़ प्रचार हो रहा है। शुक्रवार को राहुल गांधी कई सभाएं करने वाले हैं। तेजस्वी यादव भी लगातार चुनावी रैलियां, सभाएं और जनसंवाद कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav Phase 1 Voting: बुर्का विवाद पर भड़के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, 'हम पाकिस्तान में नहीं हैं'












Click it and Unblock the Notifications