बिहार: 2 लाख की रिश्वत लेते जिला सहकारिता पदाधिकारी और क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार
औरंगाबाद। औरंगाबाद में गुरुवार को निगरानी विभाग की टीम ने पूर्व सूचना के आधार पर छापेमारी की। छापेमारी में गुरुवार की सुबह दो लाख रुपये रिश्वत लेते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार और बड़े बाबू शंभू कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जिले के दाउदनगर प्रखंड के व्यापार मंडल के अध्यक्ष की शिकायत पर निगरानी की टीम ने धावा बोलकर रंगे हाथ पकड़ा और प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर पटना लेकर आई है।

दोनों अकोढ़ा के पैक्स अध्यक्ष सुजीत कुमार से गोदाम निर्माण के नाम पर ये पैसे बतौर घूस ले रहे थे। इसकी शिकायत आवेदक ने विजिलेंस की टीम से की थी। टीम ने डीएसपी कनिष्क कुमार के नेतृत्व में दोनों को डीसीओ के आवास से ही गिरफ्तार किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को अपने साथ पटना लेकर आई है। गिरफ्तार दोनों अधिकारी और कर्मी को पटना के निगरानी कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
