नीतीश सरकार में मंत्री मंजू वर्मा पर भीड़ ने किया जानलेवा हमला
पटना। सड़क हादसे का विरोध कर रहे उग्र ग्रामीणों ने दलसिंहसराय इलाके में एनएच 28 से गुजर रही बिहार की समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। जब तक मंत्री के सुरक्षाकर्मी कुछ समझते तब तक ग्रामीणों ने उन पर ईटे और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। मंत्री की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। किसी तरह उन्हें बाल-बाल बचाया गया। इस घटना में मंत्री की सुरक्षा में लगे दो सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। फिर मामले की जानकारी नजदीकी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस उग्र भीड़ से मंत्री को बचाते हुए ले गई। घायल हुए सुरक्षाकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा पर जानलेवा हमला समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पकरा पुल के पास हुआ। वहां पहले से ही लोग सड़क हादसे में शिकार हुए युवक की हत्या के विरोध में सड़क जाम कर रहे थे। इसी दौरान मंत्री का काफिला वहां पहुंच गया और उग्र ग्रामीणों ने मंत्री को ही निशाना बना लिया। मंत्री मंजू बेगूसराय से एक कार्यक्रम को संबोधित कर लौट रही थीं। जैसे ही वह दलसिंहसराय के पकरा चौक के पास पहुंची. उग्र ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर चलाना शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई थी जिस वजह से पकड़ा गांव के लोग एनएच 28 को जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान मंत्री का काफिला वहां पहुंचा और आक्रोशित लोगों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हलांकि इस घटना में मंत्री बाल-बाल बच गईं लेकिन उनके सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उनकी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications