Anant Singh: 'छोटे सरकार' की दौलत के आगे बड़े-बड़े बिजनेसमैन फेल! अनंत सिंह का साम्राज्य कर देगा हैरान
Anant Singh Net Worth: बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर से चर्चा में हैं। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मोकामा विधानसभा क्षेत्र सियासी रंजिश और हिंसा की चपेट में आ गया है, और इसी घटना के कारण अनंत सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है।
जेडीयू के प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह गुरुवार को मोकामा के टाल इलाके में हुई गोलीबारी और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या की घटना में नामजद आरोपी बनाए गए हैं। इस गंभीर आरोप के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

एक तरफ उन पर गंभीर आपराधिक आरोप लगे हैं, तो दूसरी तरफ जेल से बाहर आने के बाद मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ने की उनकी घोषणा के कारण उनकी जबरदस्त दौलत और साम्राज्य की भी चर्चा हो रही है।
हत्या के मामले में अनंत सिंह समेत पांच पर FIR
मृतक दुलारचंद यादव के पोते के बयान पर पुलिस ने देर रात प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। इसमें अनंत सिंह, उनके दो भतीजे रणवीर और कर्मवीर सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि अनंत सिंह के समर्थकों ने पहले गोली चलाई और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद यादव की हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है, लेकिन टाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बिहार के 'छोटे सरकार' की दौलत का राज
बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन के दौरान भारत निर्वाचन आयोग को दिए गए उनके हलफनामे ने एक और बड़ा खुलासा किया है। नेट वर्थ के मामले में उनकी पत्नी नीलम देवी उनसे कहीं आगे हैं। हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह से ज्यादा संपत्तियों की मालिक उनकी पत्नी नीलम देवी हैं, जिन्होंने चल और अचल संपत्ति मिलाकर 63.35 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है।
संपत्ति का गणित: चल-अचल में कौन किस पर भारी?
अनंत सिंह और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति को जब चल (Movable) और अचल (Immovable) संपत्तियों के आधार पर अलग किया गया, तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए:
अनंत सिंह के पास कितनी संपत्ति है?
- चल संपत्ति: ₹26.66 करोड़
- अचल संपत्ति: ₹11.22 करोड़
- कुल (लगभग): ₹37.88 करोड़
नीलम देवी (पत्नी) के पास कितनी संपत्ति है?
- चल संपत्ति: ₹13.7 करोड़
- अचल संपत्ति: ₹49.65 करोड़
- कुल (लगभग): ₹63.35 करोड़
यानी, संपत्ति के मामले में नीलम देवी, अनंत सिंह से लगभग 25.47 करोड़ रुपये ज़्यादा अमीर हैं।
Land Cruiser से लेकर हाथी तक, किसमें किया निवेश?
'छोटे सरकार' और उनकी पत्नी ने न केवल जमीन-जायदाद में, बल्कि लग्जरी गाड़ियों और जेवरात में भी भारी निवेश किया है।
नकद, बैंक बैलेंस और लग्जरी गाड़ियां
अनंत सिंह ने इसी वर्ष ₹2 करोड़ से अधिक की कीमत वाली Land Cruiser खरीदी है। उनके पास ₹15.61 लाख से अधिक नकद है, जबकि उनकी पत्नी के पास ₹3.46 लाख नकद हैं। अनंत सिंह के SBI अकाउंट में ही ₹80 लाख 28 हजार से अधिक की बड़ी रकम जमा है।
जेवरात और पशुधन का शौक
सोना-चांदी: दंपति ने आभूषणों में ₹91 लाख रुपये के करीब निवेश किया है। नीलम देवी के पास ₹76 लाख 61 हजार के जेवरात हैं, जबकि अनंत सिंह के पास ₹15 लाख रुपये के सोने के जेवरात हैं।
अनूठा शौक: हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह हाथी, घोड़े, गाय और भैंस जैसे पशुधन के भी मालिक हैं, जिनकी कुल कीमत ₹1 लाख 90 हजार बताई गई है।
कर्ज का पहाड़: संपत्ति के साथ देनदारी भी भारी
इतनी भारी भरकम संपत्ति के साथ-साथ इस बाहुबली दंपति पर कर्ज की देनदारी भी कम नहीं है।
- अनंत सिंह पर कर्ज: ₹27.49 करोड़ रुपये
- नीलम देवी पर कर्ज: ₹23.51 करोड़ रुपये
इस ब्योरे से साफ है कि बिहार की राजनीति में जहां अनंत सिंह का नाम बाहुबल से जुड़ता है, वहीं उनकी पत्नी नीलम देवी वित्तीय मोर्चे पर 'छोटे सरकार' को पछाड़कर संपत्ति की 'बड़ी सरकार' बन गई हैं।
अनंत सिंह के खिलाफ 38 आपराधिक केस दर्ज
अनंत सिंह का जन्म बिहार के नदावन गांव में एक भूमिहार परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम चंद्रदीप सिंह था, जबकि बड़े भाई दिलीप सिंह भी राजनीति से जुड़े हुए हैं। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंत सिंह के खिलाफ 38 आपराधिक केस दर्ज हैं।
2005 में शुरू हुआ राजनीतिक सफर
राजनीति में उनका सफर 2005 में शुरू हुआ, जब उन्होंने जेडीयू (JDU) के टिकट पर मोकामा से विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 2010 में भी जेडीयू के उम्मीदवार के रूप में उन्होंने दोबारा जीत दर्ज की। 2015 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2020 में उन्होंने राजद (RJD) के टिकट पर मोकामा से चुनाव जीतकर चौथी बार विधानसभा पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications