'चुनाव आने दो, औकात पता चल जाएगी' JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह का हमला, कर दिया बड़ा दावा!
Anant Singh: बिहार की राजनीति में मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। जनता दल यूनाइटेड से छह साल के लिए निष्कासित होने के बाद उन्होंने पहली बार खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कई नेताओं पर तीखे हमले किए और आने वाले चुनाव को लेकर बड़ी भविष्यवाणी भी कर दी।
हालांकि, पार्टी से बाहर किए जाने के बावजूद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपना सम्मान बनाए रखने की बात कही। वहीं, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। अनंत सिंह ने साफ किया कि उन्हें अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है और न ही वह पार्टी में वापसी की गुहार लगाएंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव आने पर सबको अपनी ताकत का पता चल जाएगा।

पार्टी से निकाले जाने पर क्या बोले?
पार्टी से निकाले जाने के बाद, न्यूज18 को दिए एक इंटरव्यू में अनंत सिंह ने कहा कि जेडीयू से निकाले जाने का उन्हें कोई दुख नहीं है। उन्होंने जो किया, उसे सही मानते हैं और अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने कहा, "पार्टी उनका है, हमको कोई एतराज नहीं है। हम कहने भी नहीं जा रहे हैं कि हमको रखिए।"
ये भी पढ़ें: MLC चुनाव में बगावत पड़ी भारी! मोकामा विधायक अनंत सिंह पत्नी सहित JDU से निष्कासित
अनंत सिंह ने कहा कि अगर पार्टी उन्हें निकालना चाहती है तो निकाल दे। वह किसी से अपना फैसला बदलने की अपील नहीं करेंगे।
नीतीश कुमार पर कही बड़ी बात
अनंत सिंह ने कहा कि वह हमेशा नीतीश कुमार का सम्मान करते रहेंगे, चाहे किसी भी पार्टी में रहें। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अगर नीतीश कुमार पहले की तरह पार्टी के फैसले ले रहे होते तो उन्हें कोई नहीं निकाल सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब ऐसे लोग पार्टी चला रहे हैं, जिनका संगठन को खड़ा करने में कोई योगदान नहीं है।
'केकड़ा-बिच्छू सब मालिक बन गया'
जेडीयू के मौजूदा नेतृत्व पर हमला करते हुए अनंत सिंह ने कहा, "केकड़ा-बिच्छू सब पार्टी का मालिक बन गया है।" उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जेडीयू को 15 सीटें भी नहीं मिलेंगी। जो नेता आज मंत्री बनकर बैठे हैं, उन्हें अपनी राजनीतिक ताकत का अंदाजा हो जाएगा।
निशांत कुमार को लेकर क्या कहा?
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने कहा, "बेचारे निशांत को लेकर हम कुछ नहीं बोलेंगे।" उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कोई गलती नहीं की, बल्कि पार्टी ने गलत फैसला लिया है। उनका आरोप था कि पिछले 18 वर्षों से उन्हें अपमानजनक बातें सुननी पड़ी हैं।
विधायकी जाने पर भी अफसोस नहीं
जेडीयू ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने की मांग की है। इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी जो चाहे कर सकती है। उन्होंने कहा, "हमको ना मरने का गम है और ना ही जीने की खुशी।"
अनंत सिंह ने कहा कि सदस्यता खत्म होने पर भी उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। वह किसी से कार्रवाई रोकने की मांग नहीं करेंगे।
'चुनाव में 12 सीट भी नहीं आएगी'
अनंत सिंह ने दावा किया कि अगले चुनाव में जेडीयू 12 सीटों तक सिमट सकती है और खाता खोलना भी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि जनता ही असली मालिक है। चुनाव आने पर सबको पता चल जाएगा। मौजूदा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि डेढ़-दो साल बाद इन्हें "कुत्ता नहीं पूछेगा।"
अब किस पार्टी में जाएंगे?
दूसरी पार्टी में शामिल होने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि अभी कुछ तय नहीं है। उन्होंने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देने की बात कही। साथ ही दोहराया कि उन्हें निष्कासन का कोई अफसोस नहीं है।
JDU ने क्यों निकाला?
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया है। पार्टी ने अनंत सिंह पर निर्देशों की अनदेखी, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा और विधान परिषद चुनाव में दूसरे दल के उम्मीदवार का प्रचार करने का आरोप लगाया है। पटना स्नातक सीट पर उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के अनुज सिंह का समर्थन किया था।
पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत उनकी सदस्यता खत्म करने की सिफारिश की है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला विधानसभा अध्यक्ष को करना होगा। वहीं, पूर्व विधायक नीलम देवी को भी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किया गया है।
ये भी पढ़ें: 'लूटकर दिलाते थे 3 लाख वोट', JDU विधायक अनंत सिंह का नीतीश कुमार को लेकर बड़ा दावा, मचा बवाल!


Click it and Unblock the Notifications
