Bihar News: फ्लोर टेस्ट से पहले ‘इंडिया गठबंधन’ को बड़ा झटका, AIMIM बिहार अध्यक्ष ने बताई वजह
Bihar Political News: बिहार के सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ थी कि फ्लोर टेस्ट से पहले 'महागठबंधन' के नेता AIMIM को साथ लाकर बड़ा खेला कर सकते हैं। प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच AIMIM ने बिहार में 'इंडिया गठबंधन' को बड़ा झटका दिया है।
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बिहार की दो लोकसभा औरंगाबाद और किशनगंज सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। आपको बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के मोहम्मद जावेद ने किशनगंज से जीत हासिल की थी।

AIMIM ने इस बार किशनगंज और औरंगाबाद लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर 'इंडिया गठबंधन' की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए AIMIM बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अख़्तरुल इमान ने कहा कि राजद, जदयू, कांग्रेस और भाजपा की सरकार आती रही, लेकिन अलसंख्यकों के हितों में कोई बात नहीं हुई।
आज जब हम लोग अकलियतों के हक़ की लड़ाई लड़ रहे हैं, तो कहा जा रहा है कि AIMIM साथ नहीं दे रही। अख्तरुल इमान ने कहा कि इंडिया गठबंधन वालों से यह सवाल पूछिए कि क्या उन्होंने कभी यह पहल की कि अकलियतों की आवाज़ बुलंद कर रहे हम लोगों को साथ लेकर चलें।
आज जब हम लोगों ने अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया तो 'इंडिया गठबंधन' को झटका महसूस हो रहा है। जातीय आधारित गणना रिपोर्ट आई, उस आंकड़ों के मुताबिक कितने अकलियतों को रोज़गार दिया गया, अल्पसंख्यकों के विकास की बात नहीं करेंगे, सिर्फ उनका वोट चाहिए।
'इंडिया गठबंधन' के नेता सिर्फ़ अपनी कुर्सी बचाने के लिए साथ आने की सोचते हैं। आज जब उनकी कुर्सी डगमगा गई है तो अल्पसख्यकों को साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं। यह पहल पहले क्यों नहीं की गई।
हम लोग अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारेंगे और जनता उन्हें अपना प्रतिनिधित्व सौंपने जा रही है। क्योंकि जनता जानती है कि उन्हें सिर्फ़ धर्म और जात पात के नाम पर बांटा गया है। उनके विकास के लिए कोई आगे नहीं आया है। अब वह भ्रमित नहीं होने वाले हैं, अपने हक की लड़ाई लड़ने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications