Bharat Bandh: बिहार में भारत बंद का कितना असर, कहीं यात्री, तो कहीं परीक्षार्थी परेशान, यहां होता रहा काम
Bharat Bandh News Today: बुधवार 21 अगस्त को एससी-एसटी समुदाय और भीम आर्मी द्वारा भारत बंद का ऐलान किया गया है। प्रदेश के कई ज़िलों में सुबह से ही इसका असर देखने को मिल रहा है। वहीं कुछ ज़िलों में हाईवे वगैरह जाम किया गया है। इसके बावजूद भारतबंद का असर कोई ख़ास नहीं दिख रहा है।
बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ़ से प्रदेश के सभी जिलों को भारत बंद के मद्देनज़र अलर्ट भी रखा गया है। इसके बाद से पुलिस प्रशासन ख़ास निगरानी कर रही है। ज़मीन पर भारत बंद का असर जानने वन इंडिया हिंदी की टीम ग्राउंड पर पहुंची और विभिन्न ज़िलों में बंद के हालातों को जानने की कोशिश की।

भारत बंद को कामयाब बनाने के लिए बुधवार को विभिन्न संगठन के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कहीं हाईवे जाम किया गया तो कहीं ट्रेन रोकने के लिए पटरी जाम कर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाज़ी की। सवारी नहीं मिलने की वजह से मुसाफिर पैदल चलने के लिए मजबूर रहे।
बिहार की राजदधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के मलाही गांव के पास प्रदर्शनकारियों ने भारत बंद के लिए टायर जलाकर नेशनल हाइवे पर को जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान हाइवे के दोनों तरफ़ गाड़ियां खड़ी दिखीं। भोजपुर जिले में भी आरक्षण को लेकर भारत बंद का असर देखने को मिला।
भोजपुर ज़िले में भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने शहर के निजी बस स्टैंड के पास चक्का जाम कर दिया। इस वजह से आरा-पटना मेन रूट पर आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। वहीं भाकपा माले नेताओं ने केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी की। पटरी पर जाम करते हुए प्रदर्शन किया और रेल सेवा प्रभावित की गई।
एससी-एसटी आरक्षण के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के सुझाव के ख़िलाफ़ सीवान में भी भारत बंद असर दिखा। भीम सेना के कार्यकर्ताओं ने सड़कों को जाम किया और शहर की कुछ दुकानों को भी बंद करवाया गया। इसके अलावा जेपी चौक सहित मेन चौराहे को भी बंद रखा।
इस दौरान सिपाही बहाली परीक्षा के लिए एग्ज़ाम देने गए परीक्षार्थियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोड के दोनों तरफ़ गाड़ियों की कतार लग गई। भारत बंद का असर हाजीपुर में भी देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम किया, जिस वजह से वाहनों के परिचालन में बाधित रहा।
हाजीपुर में बंद दलित सेना और एससी-एसटी समर्थक संगठनों ने एनएच जाम कर दिया। पुलिस बल सड़कों पर तैनात दिखी। दरभंगा जंक्शन पर भीम आर्मी और अन्य संगठनों ने बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन (दरभंगा से नई दिल्ली) का चक्का जाम कर दिया। इस दौरान यात्री पैदल जाते दिखे। प्रदेश के लगभग जिले में कहीं काम चालू तो कहीं भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है।
भारत बंद की वजह से लोग परेशान दिखे, वहीं कुछ जगहों पर एनएच जाम होने के बावजूद भी काम चालू रहा। बेगूसराय IOCL बरौनी में भारत बंद का कोई असर नहीं दिखा, रोज़ाना की तरह अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर पहुंचे और काम कारखाने में मज़दूर काम करते दिखे। जहां हाइवे जाम था तो दूसरे रास्तों को इस्तेमाल कर मज़दूर काम करने गए।












Click it and Unblock the Notifications