'पावर हाउस ऑफ स्पोर्ट्स' बनेगा ओडिशा, राज्य सरकार करेगी 1,000 करोड़ रुपये का निवेश- CM नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, जून 28। ओडिशा सरकार ने राज्य को 'पावर हाउस ऑफ स्पोर्ट्स' बनाने के लक्ष्य से इस दिशा में 1,000 करोड़ रुपए खर्च करने का ऐलान किया है। नवीन पटनायक सरकार इन पैसों को राज्य में खेल के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए खर्च करेगी। इस बारे में खुद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जानकारी दी है।

ओडिशा में बन रहा सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम
ओडिशा सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि राज्य 2023 हॉकी विश्व कप के लिए राउरकेला में सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम बना रहा है। यह जानकारी उन्होंने शनिवार को एक वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान दी, जो कि विभिन्न क्षेत्रों के 39 मेधावी खिलाड़ियों के राज्य पुलिस सेवा में शामिल होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इनमें 30 महिला और 9 पुरुष खिलाड़ी शामिल है।
राज्य से निकलेंगे प्रतिभाशाली खिलाड़ी
सीएम पटनायक ने कहा कि सरकार, खिलाड़ियों को उनके सपनों को पूरा करने में सक्षम बनाने के लिए, हर संभव तरीके से समर्थन करना जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि ओडिशा कई ऐसे खिलाड़ी पैदा करेगा जो आने वाले वर्षों में राज्य और देश को गौरवान्वित करेंगे।
जारी रहेगी पैरा एथलीटों को आर्थिक मदद
वहीं, राज्य की उपलब्धियों पर बात करते हुए पटनायक ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ओडिशा ने कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों की सफलतापूर्वक मेजबानी की है। उन्होंने कहा कि हॉकी विश्व कप 2018 और एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2017 राज्य के लिए एक बड़ी सफलता रही है। इस दौरान सीएम ने घोषणा की कि सरकार पैरा एथलीटों को आर्थिक रूप से समर्थन देना जारी रखेगी। साथ ही, उन्हें खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए नौकरी से संबंधित सहायता भी प्रदान करेगी।












Click it and Unblock the Notifications