ओडिशा: सीएम ने गंजम जिले के दिगपहंडी में बस टर्मिनल और कपास मिल का किया उद्घाटन
भुवनेश्वर, अगस्त 13। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को गंजम जिले के दिगपहांडी में कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इनमें एक कपास गिनिंग, एक प्रेसिंग मिल और एक बस टर्मिनल शामिल है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपनी कल्याण नीति के तहत छोटे शहरों में लोगों को आजीविका और बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा क दिगपहांडी के लोगों के पास अब एक नया बस टर्मिनस और आजीविका कमाने के लिए एक कपास मिल है। साथ ही कस्बे के हर घर में नल का पानी उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कॉटन गिनिंग मिल से स्थानीय किसानों की आय में वृद्धि होगी। सीएम ने बताया कि इस मिल को 3.28 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया गया है।
इस कपास मिल के जरिए दिगपहांडी, सनाखेमुंडी, धराकोट, शेरागडा, पात्रापुर, जगन्नाथप्रसाद और भंजनगर ब्लॉक सहित गंजम में कपास के उत्पादक क्षेत्रों को लाभ मिलेगा क्योंकि मिल में प्रति दिन 50 क्विंटल कपास का उत्पादन करने की क्षमता है। इसके अलावा मिल 100 से अधिक कुशल और अकुशल मजदूरों को रोजगार प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि दिगपहांडी में कपास की खेती का रकबा 500 हेक्टेयर से बढ़कर 5,000 हेक्टेयर हो गया है, जबकि उत्पादन चार क्विंटल से बढ़कर 44 क्विंटल हो गया है।
इसी तरह, बस टर्मिनस भी प्रति दिन 100 से 150 बसों को संचालन करेगा और क्षेत्र के यात्रियों को लाभान्वित करेगा। दिगपहांडी में एक बहुउद्देश्यीय इनडोर स्टेडियम के निर्माण के सरकार के फैसले की घोषणा करते हुए, सीएम ने कहा कि राज्य में खेल के बुनियादी ढांचे को विकसित करने के लिए हाल ही में एक निर्णय लिया गया है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने में मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications