MP News: युवाओं के पास अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर, खेल मंत्री विश्वास सारंग ने दी बड़ी जानकारी
Bhopal News: मध्य प्रदेश में युवाओं को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने घोषणा की है कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव जनवरी 2025 में आयोजित किया जाएगा। इस उत्सव में विभिन्न विधाओं में युवा अपनी कला, ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन कर सकेंगे।

मंत्री सारंग ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मंत्री विश्वास सारंग ने राज्य स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्सव में युवाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेहतर तैयारी की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि युवा उत्सव में कुल 7 विधाएं शामिल की जाएंगी, जिनमें भाषण, विज्ञान मेला, कविता लेखन, कहानी लेखन, समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य और पेंटिंग शामिल हैं।

मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का होगा आमंत्रण
मंत्री सारंग ने कहा कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जाएगा और इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही, सभी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने की बात भी उन्होंने की।
राष्ट्रीय युवा उत्सव में शामिल होंगे राज्य स्तरीय युवा
मंत्री सारंग को यह जानकारी भी दी गई कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव के विजेता युवाओं को राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेने का मौका मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
इसके लिए 12 से 16 जनवरी 2025 तक नई दिल्ली में 28वें राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव में भाग लेने के लिए जिला स्तर पर 18 से 26 दिसंबर तक चयन प्रक्रिया होगी। उसके बाद संभाग स्तर पर 3 से 5 जनवरी 2025 तक उत्कृष्ट युवाओं का चयन होगा और राज्य स्तर पर 7 या 8 जनवरी को कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है।
पुरस्कार राशि की घोषणा
राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2025 में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। समूह विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को 6,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 4,000 रुपये और तृतीय स्थान पर 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, एकल विधाओं में प्रथम स्थान पाने वाले को 10,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 6,000 रुपये और तृतीय स्थान पर 4,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस बैठक में संचालक रवि कुमार गुप्ता, उप सचिव श्री संजय जैन, संयुक्त संचालक श्री बी.एल. यादव और अन्य खेल अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने राज्य स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन की प्रक्रिया और तैयारी पर विचार-विमर्श किया।
युवाओं के लिए बेहतरीन मंच
यह युवा उत्सव प्रदेश के युवाओं को अपनी छुपी हुई प्रतिभा को उजागर करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा। सरकार के इस कदम से न केवल युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी काबिलियत का लोहा मनवा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications