छिंदवाड़ा कमलनाथ का नहीं, भाजपा सरकार की जन हितैषी योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़ है: प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि 25 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छिंदवाड़ा पहुंचेंगे। अमित शाह यहां पर जनसभा के जरिए बीजेपी के मिशन 2023 के चुनाव का शंखनाद करेंगे।

Amit Shah visit to Chhindwara: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 मार्च को छिंदवाड़ा दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा ऐतिहासिक होगा। इस संबंध में सभी तैयारियां कर ली गई है। यह जानकारी आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्रकार वार्ता में दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 1 बजे छिंदवाड़ा पहुंचेंगे। यहां से वे सबसे पहले आंचल आश्रम जाएंगे। यहीं पर वे भोजन करेंगे। इसके बाद शाह छिंदवाड़ा में एक विशाल आम सभा को संबोधित करेंगे। शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता इस अभियान के तहत सरकार के कामों और योजनाओं को लेकर जनता के बीच पहुंचेंगे। क्योंकि जो काम करते हैं उनमें ही जनता के बीच पहुंचने का विश्वास होता है।
भाजपा और विकास एक दूसरे के पर्याय: VD शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि आज भाजपा और विकास एक दूसरे के पर्याय बन गए हैं जहां भाजपा है वहां विकास है। शर्मा ने आगे बताया कि बूथ विस्तार अभियान के दूसरे चरण में बूथों को और अधिक मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रेस वार्ता में शर्मा ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा कमलनाथ का नहीं, भाजपा सरकार की जन हितैषी योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़ है। कांग्रेस ने अपने 15 महीने की सरकार में जन हितैषी योजनाओं को बंद करने का काम किया था। शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार के पास आइफा के नाम पर नाचने-गाने के लिए तो पैसा था। पर गरीब जनता के लिए पैसा नहीं था। दूसरे बार के सांसदों को टिकट दिए जाने के सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि भाजपा में टिकट का फैसला केंद्रीय नेतृत्व करता है।
भाजपा कार्यकर्ता संगठन कार्यों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी करते हैं निर्वहन
BJP प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरैया शक्ति केन्द्र की टोली एवं उसके अंतर्गत आने वाले त्रिदेवों के साथ बैठक कर बूथ सशक्तिकरण को लेकर चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव जीतना और राजनीति करना ही भारतीय जनता पार्टी का मकसद नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता संगठन कार्यों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करते हैं, इसलिए अपने बूथ पर मतदान प्रतिशत बढ़े यह जिम्मेदारी भी हमें निभानी है। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में सीएम शिवराज ने लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की है। अब बहनों को 1 हजार रु प्रति माह बीजेपी सरकार देगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित हर योजना को घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। आम जन को हम कार्यकर्ता जितनी सक्रियता से सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास करेंगे तो प्रतिसाद स्वरूप आमजन हमसे जुड़ेगा।
गांधी जी के सपनों को कांग्रेस ने चकनाचूर किया
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने सारना मंडल के जमुनिया शक्ति केंद्र में हितग्राही सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी कहते थे कि भारत गांव में बसता है, गांवों के विकास से ही भारत आगे बढ़ेगा, लेकिन कांग्रेस की सरकारों और उसके भ्रष्टाचार ने राष्ट्रपति महात्मा गांधी के सपनों को चकनाचूर कर दिया। कांग्रेस की नीतियों से गांव, गरीब और किसान बर्बाद हुए, यही वजह रही कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी को यह कहना पड़ा कि दिल्ली से 1 रूपए भेजते हैं, तो गरीब तक पहुंचते-पहुंचते 15 पैसे रह जाते हैं। शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने जन-धन खाते खुलवाएं, ताकि गरीबों को योजनाओं की मिलने वाली राशि सीधे उनके खातों में पहुंचे। उन्होंने बिचौलियों को खत्म किया आज हर योजना का पूरा पैसा हितग्राही के खाते में पहुंचता है। पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान, खादी को बढ़ावा, किसान सम्मान निधि देकर गांधी जी के सपनों को साकार किया है।












Click it and Unblock the Notifications