MP News: बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में उमंग सिंघार का बीजेपी और आरएसएस पर हमला
Bhopal News: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ प्रदेशभर में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर एमपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी और आरएसएस पर कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने बीजेपी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार चाहती तो वह बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को तुरंत रोक सकती थी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने आवास पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, "हिंदुस्तान में प्रदर्शन करने से क्या होगा? क्या बांग्लादेश हमारे देश से बड़ी महाशक्ति हो गया? अगर मोदी जी हैं, तो क्यों नहीं निर्णय लेना चाहते?"
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के पास बांग्लादेश के हिंदुओं को बचाने की पूरी शक्ति है, जैसा कि उन्होंने यूक्रेन और रूस के युद्ध के समय किया था। सिंघार ने उदाहरण दिया, "जब यूक्रेन के वीडियो वायरल हो रहे थे और बच्चों के पिता कह रहे थे कि 'पापा ने युद्ध रुकवा दिया', तो क्या बांग्लादेश में हिंदुओं को बचाने के लिए मोदी जी कोई कदम नहीं उठाएंगे?"
राजनीति पर तंज
सिंघार ने आगे कहा, "मैं यह नहीं समझता कि सिर्फ हिंदुओं के नाम पर राजनीति करने वाली बीजेपी और आरएसएस बांग्लादेश के मुद्दे पर कोई ठोस कदम उठाएंगे। कांग्रेस पार्टी बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। हम एक साथ चलने को तैयार हैं, चाहे प्लेन से हो या अन्य किसी रास्ते से, हम बांग्लादेश के लिए तैयार हैं।"
उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर आरएसएस और बीजेपी देश में हिंदुओं के हितों की रक्षा का दावा करते हैं, तो बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर क्यों चुप हैं? "हमारे देश में प्रदर्शन क्यों हो रहे हैं? बांग्लादेश की यह लड़ाई है, जिसमें भारत की ऐतिहासिक भूमिका है। इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान से अलग होकर बांग्लादेश को स्वतंत्रता दिलवाई थी, जिसमें भारत की कूटनीतिक भूमिका थी, यह आज हमें समझ में आता है।"
आरएसएस पर कटाक्ष
सिंघार ने आरएसएस पर भी तंज कसते हुए कहा कि "आरएसएस शिशु मंदिर में आज भी अखंड भारत का नक्शा दिखाता है। अगर यह नक्शा सच है, तो बांग्लादेश में हो रहे हिंदुओं के अत्याचार पर क्यों नहीं बोलते?" उन्होंने बीजेपी और मोदी सरकार से पूछा कि क्या बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हो रहे आक्रमणों पर उनकी चुप्पी के पीछे कोई कारण है?

बीजेपी ने सिंघार के बयान पर कसा तंज: सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस को दर्द होता है
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर बीजेपी और आरएसएस की आलोचना के बाद, बीजेपी ने उनके बयान पर पलटवार किया है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सिंघार के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि "यह वही कांग्रेस है, जब इस देश की सेना पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करती है, तो इनके पेट में दर्द होता है।" उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सेना के शौर्य पर सवाल उठाए हैं और सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत भी मांगा है।
चीन और कांग्रेस का संबंध
आशीष अग्रवाल ने आगे कहा, "यह वही कांग्रेस है, जिसके शासनकाल में चीन ने हमारी हजारों हेक्टेयर जमीन हड़प ली, और कांग्रेस के तत्कालीन प्रधानमंत्री इस पर चुप्पी साधे बैठे रहे।" उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) किया था। "कांग्रेस के नेताओं की गलबइयां हमेशा देश विरोधियों के साथ रही हैं।"
राजनीतिक लाभ के लिए समझौते
आशीष अग्रवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक और आर्थिक लाभ के लिए देश के हितों को ताक पर रखकर समझौते किए। उन्होंने सिंघार के बयान को "निंदनीय" करार दिया और कहा कि आज कांग्रेस केवल देश और प्रदेश को बदनाम करने के लिए इस तरह की हलकी बयानबाजी कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications