मध्य प्रदेश : 95 हजार शालाओं और 66 हजार से अधिक आँगनबाड़ियों में नल कनेक्शन दिए जाएंगे
भोपाल, 5 जुलाई। मध्य प्रदेश के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल जीवन मिशन में अब तक 39 लाख 1 हजार 181 घरेलू नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वहीं अब तक स्कूल तथा आँगनबाड़ियों में 26 हजार से अधिक नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश में IMIS पोर्टल पर दर्ज करीब 95 हजार शालाओं और 66 हजार से अधिक आँगनबाड़ियों में भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिये नल कनेक्शन दिए जाने का कार्य प्रगतिरत है।

खास बात ये है कि खुद मुख्यमंत्री चौहान ने मिशन की समय-समय पर समीक्षा की है। ग्रामीण अंचल में माता-बहनों को नदी, कुँआ, तालाब, बावड़ी तक जाकर पानी लाने की जरूरत नहीं पड़े, इस उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को गति देकर ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन के जरिये पानी उपलब्ध कराना प्रारम्भ कर दिया है। मिशन के कार्य मानव तथा अन्य संसाधनों के अभाव में करीब सवा वर्ष तक गतिशून्य से रहे हैं।
बता दें कि बीते दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया था कि 2023 तक MP के हर घर में नल के द्वारा जल प्रदान किया जाएगा। इसके तहत जल जीवन मिशन के अन्तर्गत प्रदेश के 8 जिलों के 4404 ग्रामों के लिए क्रियान्वित इन 10 समूह जलप्रदाय योजनाओं में 9 लाख 34 हजार 399 नल कनेक्शन लगाये जायेंगे। जलप्रदाय योजनाओं के दायरे में आने वाले सभी 4404 ग्राम शत-प्रतिशत नल कनेक्शन युक्त हो सकेंगे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच थी कि देश की ग्रामीण आबादी के लिए भी शहरों की ही तरह पेयजल की समुचित व्यवस्था होना चाहिए। "चाह से निकली राह" और प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त 2019 को लाल किले से राष्ट्रीय जल जीवन मिशन की घोषणा की। मिशन की गाइड लाइन जारी होते ही विभिन्न राज्यों ने अपने ग्रामीण क्षेत्र की जल व्यवस्था के लिए मिशन के अन्तर्गत कार्य प्रारम्भ किए ताकि गाँवों के हर घर में नल कनेक्शन दिया जा सके। मिशन पर होने वाला व्यय केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा बराबर-बराबर वहन किया जाता है।


Click it and Unblock the Notifications
