MP News: BJP नेता हितानंद ने धार में 7 विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं की ली बैठक, चुनाव में जीत को लेकर दिया मंत्र
धार में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने शुक्रवार को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि अबकी बार 200 पार का लक्ष्य पूरा करने में कार्यकर्त्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

MP BJP NEWS: मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन प्रदेश में कार्यकर्ताओं को मजबूत करने में लगा हुआ है। इसी क्रम में बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने धार जिले में 7 विधानसभाओं की संचालन समिति की बैठक ली। हितानंद ने कहा कि बीजेपी ने 51% वोट शेयर और 'अब की बार 200 पार का लक्ष्य निर्धारित किया है।
शुक्रवार को धार जिला बीजेपी कार्यालय में हितानंद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के कार्यविस्तार को लेकर हमें बूथ विस्तारक अभियान 2.0 को गति देना है। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर अगर हमने 51% का वोट शेयर हासिल कर लिया तो हर बूथ पर बीजेपी की जीत निश्चित होगी। साथ ही हम अबकी बार 200 पार का लक्ष्य पूरा कर लेंगे। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए हमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करना होगा। धार जिले में 7 विधानसभा जिसमें गंधवानी, मनावर, सरदारपुर, धर्मपुरी कुक्षी, धार और बदनावर विधानसभा की संचालन टोली इस बैठक में शामिल हुई।
बूथ विस्तारक अभियान को तय समय सीमा में पूर्ण करें
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने विधानसभावार बैठकों में बूथ स्तर तक चल रहे बूथ विस्तारक अभियान 2.0 की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हम बूथ जीता तो चुनाव जीता का नारा लगाते हैं, बूथ विस्तारक अभियान के माध्यम से इस नारे को हमें साकार करना है। उन्होंने अभियान के दौरान किये जाने वाले 22 करणीय कार्यों की चर्चा करते हुए प्रत्येक बूथ पर सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बूथ हमारी प्राथमिक इकाई है, हम जितने अधिक बूथ पर सशक्त होंगे, भीजपा उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने डिजीटल बूथ बनाने और पन्ना प्रमुख, पन्ना समिति के गठन के बारे में भी चर्चा की।
प्रदेश संगठन महामंत्री ने बैठकों में पार्टी के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां संस्करण प्रसारित होगा, इसके लिए प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 100 स्थानों पर मन की बात कार्यक्रम सुनने की व्यवस्थाएं करें। इस कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बूथ पर निवास करने वाले प्रबुद्धजन भी पहुंचें, ऐसी व्यवस्था बनाएं।
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे कार्यकर्ता
हितानंद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पुरातन विचार और नवाचार के साथ आगे बढ़ रही है, हमारा चारों दिशाओं में विस्तार हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने जो काम किए हैं, वह भूतो न भविष्यती है। भारत के बढ़ते मान और सम्मान से देशविरोधी ताकतें परेशान हैं और इसलिए वे समाज में किस तरह विद्वेष फैले इसके मौके देखती है। सोशल मीडिया के माध्यम से यह देश विरोधी ताकतें हमारे सामाजिक तानेबाने को आहत पहुंचाने के साथ जनता में भ्रम फैलाने का काम करती है। बीजेपी के कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर सक्रीय रहें और हमनें जो काम किए हैं, उन तथ्यों और तर्कों के साथ विरोधियों को जवाब दें।
विधानसभावार बैठकों में पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, सांसद छतर सिंह दरबार, विधायक नीना वर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ नेता व जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष जिले की सातों विधानसभा टोली के सदस्य शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications