MP News: सीधी विधायक रीति पाठक ने विधानसभा में उठाया स्वास्थ्य संकट का मुद्दा, डिप्टी CM से कर डाली बड़ी मांग
विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन सीधी विधायक रीति पाठक ने सीधी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए। पाठक ने डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से कहा, "आप जिस तरह से रीवा का ध्यान रखते हैं, उसी तरह सीधी जिले और पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान दीजिए।"
यह मामला तब उठाया गया जब सीधी जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी को लेकर सवाल पूछा गया था। विधायक पाठक ने डिप्टी सीएम से सीधी जिले के स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पर सवाल किया, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री के जवाब से वह संतुष्ट नहीं हुईं।

स्वास्थ्य मंत्री के जवाब से असंतुष्ट रीति पाठक
विधायक पाठक ने विधानसभा में कहा, "हमारे जिला चिकित्सालय में 36 स्वीकृत पदों में से केवल 12 पदों पर विशेषज्ञ डॉक्टर काम कर रहे हैं, जबकि 24 पद रिक्त हैं। ऐसे में अस्पताल कैसे चलेगा?" उन्होंने आगे कहा कि सीधी जिला एक आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है और यहां स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बहुत गंभीर है। "यह हमारा अधिकार है कि हमें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, लेकिन यदि डॉक्टर नहीं होंगे तो इन सेवाओं का स्तर कैसे बेहतर होगा?" विधायक ने इस मुद्दे को लेकर डिप्टी सीएम पर सीधे निशाना साधा।
विधायक पाठक ने कहा कि पहले भी उन्होंने उपमुख्यमंत्री शुक्ल से जिला अस्पताल के विकास के लिए जारी 7 करोड़ रुपये की राशि के बारे में सवाल किया था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला था। "यह दूसरी बार है जब मैं स्वास्थ्य मंत्री पर सवाल उठा रही हूं।" उन्होंने डिप्टी सीएम से आग्रह किया कि वे रीवा से बाहर निकलकर सीधी जिले के स्वास्थ्य संकट पर भी ध्यान दें।
डिप्टी सीएम का जवाब: "अक्टूबर तक होगी भर्ती प्रक्रिया पूरी"
इस सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने जवाब देते हुए कहा कि "हमारी पूरी कोशिश है कि यदि कोई वैधानिक अड़चन नहीं आती तो अक्टूबर तक भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और डॉक्टरों की कमी पूरी हो जाएगी।" उन्होंने कहा कि अगर नियमित डॉक्टरों के पद रिक्त हैं, तो एनएचएम के माध्यम से संविदा पर डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। शुक्ला ने यह भी कहा कि "हमारे लिए यह संतोष की बात है कि आईपीएचएस मानकों को मंजूरी मिल गई है, जिससे मानव संसाधन की कमी में काफी राहत मिलेगी।"
विधायक रीति पाठक ने फिर सवाल किया कि क्या इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कोई निश्चित समय सीमा है, जिस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि "हमने अक्टूबर तक का समय निर्धारित किया है, लेकिन इसके बाद भी अगर कुछ समस्याएं आती हैं, तो हम उन्हें हल करेंगे।"
स्वास्थ्य मंत्री की बातों पर सवाल
विधायक पाठक ने शुक्ला के जवाब पर सवाल उठाते हुए कहा, "आप जो कह रहे हैं कि अक्टूबर तक भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, लेकिन क्या आप इसे सुनिश्चित कर सकते हैं? जब तक डॉक्टर नहीं आते, तब तक मरीजों का क्या होगा?" उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक लापरवाही और समयबद्ध कार्रवाई की कमी के कारण मरीजों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक पाठक का आक्रोश
सीधी विधायक ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "यह हमारी संवेदनशीलता है कि हम सीधी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हम यह चाहते हैं कि हमारी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो और यहां के लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।" उन्होंने प्रदेश सरकार से सीधी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की तत्काल आवश्यकता जताई और डिप्टी सीएम से जल्द कार्रवाई की उम्मीद की।












Click it and Unblock the Notifications