राइड विद हिजाब : भोपाल में 'खान सिस्टर्स' ने दौड़ाई बाइक, फ्लाइंग KISS भी दिया, देखें वायरल VIDEO
भोपाल, 10 फरवरी। कनार्टक में छिड़े हिजाब विवाद का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के मंत्री इस संबंध में बयान भी दे चुके हैं। हिजाब कंट्रोवर्सी के बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हिजाब वाली बाइकर 'खान सिस्टर्स' का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर पर 'खान सिस्टर्स' के नाम से अपलोड किया गया यह वीडियो भोपाल की VIP रोड का बताया जा रहा है।

युवती विक्ट्री साइन दिखा रही
वायरल वीडियो में हिजाब पहने चार युवतियां भोपाल की VIP रोड पर स्पोर्ट्स बाइक और बुलेट दौड़ाती नजर आ रही हैं। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठी एक युवती फ्लाइंग किस भी देती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी युवती विक्ट्री साइन दिखा रही है।

वीडियो 5 दिन पुराना बताया जा रहा
बुलेट पर आगे नंबर प्लेट की जगह भाजपा के झंडे जैसा भगवा कलर दिख रहा है। वीडियो 5 दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन अब इसके सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसा है। दूसरी तरफ, भाजपा नेता ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
राजधानी में सुनियोजित प्रोपेगैंडा
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने 'खान सिस्टर्स' का वीडियो शेयर कर ट्वीट कर कहा कि हिजाब के नाम पर राजधानी में सुनियोजित प्रोपेगैंडा। हिजाब पहनकर फुटबॉल तक ठीक, लेकिन बगैर हेलमेट मोटरसाइकिल दौड़ाना? विधायक आरिफ मसूद तो फरमा रहे थे कि हिजाब हमारी बच्चियों को ताकाझांकी से महफूज रखने के लिए है, फिर ये फ्लाइंग किस किसलिए?

सड़कों पर तेज रफ्तार गाड़ी चलाएं
भाजपा प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने भी लिखा- कृपया जिम्मेदार संज्ञान लें। मोटर व्हीकल एक्ट में कहीं भी यह नहीं है कि मोटर साइकिल पर हेलमेट न पहनकर हिजाब पहनकर सड़कों पर तेज रफ्तार गाड़ी चलाएं। जान जोखिम में डालकर विरोध प्रदर्शन करें। सख्त कार्रवाई अपेक्षित है।

नंबर प्लेट पर भाजपा के झंडे का कलर
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बुलेट की नंबर प्लेट पर भाजपा के झंडे का कलर पुता है। इस पर कांग्रेस हमलावर हो गई। भाजपा नेता उमेश शर्मा के ट्वीट के जवाब में कांग्रेस नेता नरेन्द्र सलूजा ने लिखा- इस वीडियो में मोटर साइकिल चला रहीं बच्चियों के वाहन की नंबर प्लेट भाजपा के रंग में रंगी है, क्या यह भाजपा प्रायोजित है? अपने राजनीतिक फायदे के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। भाजपा जवाब दे, ये बच्चियां कौन हैं?

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह बहुत गंभीर विषय
'खान सिस्टर्स' के इस VIDEO पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह बहुत गंभीर विषय है। कार्रवाई करने पर विचार किया जाएगा। वहीं, 'खान सिस्टर्स' को लेकर कांग्रेस के ट्वीट पर कहा कि कांग्रेस स्वाभाविक रूप से इस तरह के विषयों को जिंदा रखना चाहती है। संवेदनशील विषयों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कभी संवेदनशील विषय आते हैं, तो सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो वायरल होने लगते हैं।












Click it and Unblock the Notifications