कौन हैं राकेश राणा, जिन्होंने कहा- मूंछ तो मेरा अभिमान है, निलंबन मंजूर है लेकिन नहीं कटवा सकता मूंछें
भोपाल, 10 जनवरी: 'मैं निलंबन का सामना कर सकता हूं, लेकिन मूंछें नहीं कटवा सकता, क्योंकि मैं राजपूत हूं और ये मेरे आत्मसम्मान और स्वाभिमान से भी जुड़ी है।' ये बात कहने वाले मध्य प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल राकेश राणा को बहाल कर दिया गया है। राकेश राणा को दो दिन पहले ही लंबी मूंछें और अजीब बाल रखने के आरोप में सस्पेंड किया गया था। मामला गरमाया और लोगों ने सवाल किए तो विभाग बैकफुट पर आ गया और अब राणा को मौखिक तौर पर ड्यूटी ज्वॉइन करने के लिए कह दिया गया है। आइए जानते हैं कौन हैं राकेश राणा, जो अपनी मूंछों के कारण चर्चा में आ गए हैं।
Recommended Video

कौन हैं राकेश राणा ?
राकेश राणा ने बताया कि वे 2007 से पुलिस सेवा में हैं। कांस्टेबल राकेश राणा वर्तमान में भोपाल में पुलिस के मोटर ट्रांसपोर्ट पूल (एमटी पूल) में पदस्थ हैं और सहकारी धोखाधड़ी एवं लोक सेवा गारंटी के विशेष पुलिस महानिदेशक राजेंद्र मिश्रा के ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। राणा ने कहा कि 2010 से वे ऐसी ही मूंछें रख रहे हैं। 14 साल में किसी अधिकारी ने मूंछों के डिजाइन को लेकर आपत्ति नहीं जताई। राणा बताते हैं कि लोग उनकी मूंछों की तारीफ ही करते हैं। बता दें, राणा की मूंछों की डिजाइन एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन जैसी हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें भोपाल का अभिनंदन कहकर पुकारने लगे हैं।

मूंछों की वजह से राकेश राणा को किया गया था सस्पेंड
राकेश राणा को उनकी लंबी मूंछों की वजह से सस्पेंड कर दिया गया था। दरअसल, मध्य प्रदेश के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) प्रशांत शर्मा ने इस संबंध एक आदेश जारी किया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रशांत शर्मा मध्य प्रदेश सहकारी धोखाधड़ी और लोक सेवा गारंटी के सहायक पुलिस महानिरीक्षक हैं और यहां पुलिस मुख्यालय में पदस्थ हैं। कहा गया कि राकेश राणा का हुलिया अत्यधिक खराब दिखाई दे रहा है, उसे अपने हुलिया ठीक करने के लिए बाल और मूंछ उचित ढंग से कटवाने के निर्देश दिए गए, लेकिन उसने आदेश का पालन नहीं किया। ये वर्दी नियमों के तहत अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इस कृत्य का अन्य कर्मचारियों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। इसलिए राणा को 7 जनवरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

'ये मेरे आत्मसम्मान की बात, मूंछें नहीं कटवा सकता'
निलंबन की कार्रवाई के बाद राकेश राणा ने कहा, ''पहले भी कई पुलिस अधिकारियों और पुलिस जवानों ने मूंछें रखी हैं। मूंछों में जवान बहुत अच्छे और स्मार्ट लगते हैं। मैं वर्दी में रहता हूं और पिछले एक साल से ड्यूटी कर रहा हूं, लेकिन तब किसी ने कोई सवाल नहीं उठाया।'' राणा ने कहा, ''मैं निलंबन का सामना कर सकता हूं, लेकिन मूंछें नहीं कटवा सकता, क्योंकि मैं राजपूत हूं और ये मेरे आत्मसम्मान और स्वाभिमान से भी जुड़ी है।''

बैकफुट पर विभाग, नौकरी पर लौटे राकेश राणा
जानकारी के मुताबिक, सस्पेंशन के तीन दिन राकेश राणा को एडीजी अनिल कुमार ने नौकरी ज्वॉइन करने के मौखिक आदेश दे दिए हैं। बताया जा रहा है कि एडीजी अनिल कुमार ने मौखिक तौर पर राकेश राणा को ज्वॉइन करने के आदेश दिए हैं। राणा को स्पेशल डीजी राजेंद्र मिश्रा के पास से हटाकर एमटी पूल में रिजर्व ड्राइवर के तौर पर रखा गया है। एमटी पूल, प्रबंध शाखा के अंतर्गत आता है। राकेश राणा को प्रबंध शाखा के एडीजी अनिल कुमार का साथ मिल गया है।












Click it and Unblock the Notifications