भोपाल में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का सीएम शिवराज ने किया जोरदार स्वागत
NDA की तरफ राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू का भोपाल पहुंचने पर मुख्यमंत्री और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया
भोपाल,15 जुलाई। NDA की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के भोपाल आगमन पर स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुर्मू का परंपरागत स्वागत किया। बता दे मुख्यमंत्री निवास पर परंपरागत आदिवासियों के संगीत के साथ मुर्मू का स्वागत किया गया।

स्वागत के बाद आयोजित सभा में सीएम शिवराज ने कहा कि हम सब आनंद और प्रसन्नता से भरे हुए हैं, पूरे प्रदेश में आनंद व उत्सव का वातावरण है। वही दृश्य आज एयरपोर्ट और भोपाल की सड़कों पर भी परिलक्षित हुए हैं। मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ की जनता की ओर से आदरणीय दीदी का हृदय से स्वागत करता हूं। आपका जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। आप जहां भी रहीं, आपने लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया और अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित होने के दूसरे दिन दीदी सहज भाव से गांव के मंदिर में झाड़ू लगा रही थीं, जो भारतीय राजनीति में विरला है। इस से प्रकट होता है कि वह भारत के राष्ट्रपति पद की गरिमा को निश्चित तौर पर और बढ़ायेंगी। आज सिर्फ मध्यप्रदेश नहीं पूरे देश में अद्भुत वातावरण है। दीदी का राष्ट्रपति के पद हेतु उम्मीदवार घोषित होते ही आनंद की ऐसी हिलोर उठी है जो बाकी चुनाव मैंने कभी नहीं देखी। मध्य प्रदेश राजा भोज रानी कमलापति की पवित्र धरती है। मध्यप्रदेश के बड़े हिस्से पर गोंड राजाओं का कई वर्षों तक राज रहा है। मैं इस पवित्र धरती पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू जी का पुनः स्वागत और अभिनंदन करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications