निर्दलीय पार्षद पप्पू विलास वापस BJP में शामिल, हितानंद शर्मा ने किया मध्य विधानसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। राजधानी में सभी विधानसभा सीटों को लेकर भाजपा एक्टिव नजर आ रही है। इसी क्रम में आज भाजपा संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मध्य विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और निर्दलीय पार्षद पप्पू विलास राव घाडगे को मनाकर वापस भाजपा में शामिल करा लिया।
दरअसल, वार्ड क्रमांक 34 से निर्दलीय पार्षद पप्पू विलास राव घाड़गे को नगर निगम के चुनाव में भाजपा ने पार्षद का टिकट नहीं दिया था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय फॉर्म भरकर चुनाव लड़ा और शानदार जीत हासिल की। इसके बाद से ही पप्पू विलास मध्य विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कह रहे थे। उनके चुनाव लड़ने से भाजपा को नुकसान होने की संभावना थी। इसे देखते हुए पार्टी के दिग्गज नेताओं ने पप्पू विलास को मनाने की कोशिश की और आज उन्हें भाजपा में शामिल करा लिया गया।

धु्रवनारायण सिंह ने कहा कि विपक्षी दल के प्रत्याशी भाजपा पर अनर्गल आरोप लगा रहे है। उनके लगने लगा है कि वे चुनाव नहीं जीत सकते इसलिए अपनी हार को बचाने के लिए एक वर्ग विशेष को भाजपा के खिलाफ भडका रहे है। विपक्षी दल के प्रत्याशी बैठक में कार्यकर्ताओं को धन का लालच देकर आमंत्रित कर रहे है। स्थिति यह हो गयी है कि उनको अब कार्यकर्ता भी नहीं मिल पा रहे है।
जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि पप्पू विलास घाडगे ने निर्दलीय चुनाव जीतकर आए है। उनका पार्टी में स्वागत है। उनके शामिल होने से भाजपा परिवार का का कुनबा बढा है और विधानसभा, लोकसभा में भाजपा भारी मतों से विजयी होगी।
भाजपा ही है जो जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करती है। राम मंदिर निर्माण, कश्मीर से धारा 370 हटाने और मुस्लिम महिलाओं के लिए तीन तलाक का कानून बनाने वाली पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। भाजपा जनता के साथ किए गए सभी वादे पूरा करती है। विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने कार्य किया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को भोपाल मध्य विधानसभा के मुख्य चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करते हुए कही।
जहांगीराबाद स्थित सब्बन चौराहे के पास भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के मुख्य चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करने के बाद प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर भाजपा की डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए विकास और जनहितैषी कार्यो को जनता को बताकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
प्रदेश संगठन महामंत्री के समक्ष निर्दलीय पार्षद पप्पू विलासराव घाडगे भाजपा में शामिल
भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के मुख्य चुनाव कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद के समक्ष वार्ड-34 से निर्दलीय पार्षद व वरिष्ठ नेता पप्पू विलास घाडगे पुनः भाजपा परिवार में शामिल हुए। घाडगे के साथ उनके सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्णा घाडगे, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह सहित भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications