MP Police Success Story: 7 दिन में 45 गुमशुदा सुरक्षित, बच्चों-महिलाओं को मिलाया परिवार से
मध्य प्रदेश पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता, तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पिछले सात दिनों में प्रदेशभर से गुम हुए 45 बच्चों, महिलाओं और वृद्धजनों को सुरक्षित तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया है।
डायल-112, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, फील्ड टीमों की सक्रियता और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से की गई ये कार्रवाइयाँ मध्य प्रदेश पुलिस की जनसेवा-प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।

इन घटनाओं में भीड़भाड़ वाले मेले, धार्मिक स्थल, घाट, बाजार और आवासीय क्षेत्रों जैसे संवेदनशील स्थान शामिल रहे, जहाँ पुलिस ने समयबद्ध समन्वय और आधुनिक तकनीक के माध्यम से राहतकारी परिणाम हासिल किए।
प्रमुख कार्यवाहियां
छतरपुर: "चक्षु अभियान" में 35 बच्चों की सुरक्षित बरामदगी
थाना नौगांव क्षेत्र के मेला ग्राउंड में संचालित "चक्षु अभियान" के तहत पुलिस ने हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी की लाइव मॉनिटरिंग और फील्ड ड्यूटी के सटीक समन्वय से उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। भीड़भाड़ के बीच 18 बालिकाएँ और 17 बालक, कुल 35 बच्चे, सुरक्षित दस्तयाब किए गए। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर त्वरित पहचान सत्यापन किया और परिजनों से मिलवाया।
उज्जैन: तीन थानों की संयुक्त त्वरित कार्रवाई
- उज्जैन जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मानवीय दृष्टिकोण से प्रभावी कार्रवाई की गई।
- थाना चिमनगंज: मंदिर दर्शन के दौरान गुम हुए 7 वर्षीय बालक को डायल-112 की मदद से शीघ्र खोजा गया।
- थाना माधवनगर: 13 वर्षीय नाबालिग बालक को रामघाट क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरक्षित ढूंढा गया।
- थाना नानाखेड़ा: खेलते-खेलते रास्ता भटकी 2 वर्षीय बालिका को गलियों, दुकानों और कैमरों की जांच से सुरक्षित बरामद किया गया।
- इन संयुक्त प्रयासों से 3 बच्चों को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रतलाम: सतर्क कार्रवाई से 1 बालक और 1 महिला की सुरक्षित बरामदगी
- थाना रावटी: मेले में गुम हुए 8 वर्षीय बालक को क्षेत्रीय घेराबंदी, प्रवेश-द्वारों पर निगरानी और नागरिकों से पूछताछ के आधार पर शीघ्र ढूंढ निकाला गया।
- थाना नामली: रास्ता भटकी 50 वर्षीय महिला को सुरक्षित खोजकर परिजनों से मिलवाया गया।
सीहोर: थाना कोतवाली की बड़ी सफलता
सीहोर के थाना कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण की सूचना मिलते ही गंभीरता से जांच शुरू की। स्थानीय सूचना तंत्र, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और फील्ड नेटवर्क के समन्वय से 02 अपहृत बालकों को सुरक्षित दस्तयाब किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों बच्चों को परिजनों के सुपुर्द किया गया।
जबलपुर: 5 वर्षीय बालक सुरक्षित घर पहुँचा
थाना शहपुरा क्षेत्र में खेलते-खेलते घर से दूर निकले 5 वर्षीय बालक को डायल-112 टीम ने नागरिकों से पूछताछ और त्वरित तलाश के जरिए कुछ ही समय में सुरक्षित ढूंढ निकाला और परिजनों से मिलवाया।
शाजापुर: 7 वर्षीय बालिका की सकुशल वापसी
थाना शुजालपुर मंडी क्षेत्र में गुम हुई 7 वर्षीय बालिका को डायल-112 के जवानों ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश कर सुरक्षित बरामद किया और तत्परता दिखाते हुए परिजनों से मिलाया।
खरगोन: 70 वर्षीय वृद्धा को सुरक्षित घर पहुंचाया
थाना भीकनगांव क्षेत्र में रास्ता भटकी 70 वर्षीय वृद्ध महिला को पुलिस ने सुरक्षित वाहन से घर पहुँचाया और परिजनों को पूरी स्थिति से अवगत कराया।
तकनीक, तत्परता और संवेदनशीलता का संगम
इन सभी सफलताओं से स्पष्ट है कि मध्य प्रदेश पुलिस त्वरित प्रतिक्रिया, तकनीक के प्रभावी उपयोग (डायल-112, सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन) और मानवीय संवेदनशीलता के साथ नागरिकों-विशेषकर बच्चों, महिलाओं और वृद्धजनों-की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह पहल न केवल भरोसा बढ़ाती है, बल्कि आपात स्थितियों में पुलिस-जन सहयोग की ताकत को भी उजागर करती है।












Click it and Unblock the Notifications