MP News: महू में दूषित पानी से हड़कंप! 19 मासूमों सहित 25 लोग पीलिया-टाइफाइड के शिकार, अलर्ट पर विभाग
MP News: संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जन्मस्थली महू इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य संकट के मुहाने पर खड़ी है। इंदौर में दूषित पानी से मचे हड़कंप के बाद अब महू के पत्ती बाजार और आसपास के इलाकों में नलों से आ रहे गंदे पानी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है।
पिछले 15 दिनों के भीतर 19 बच्चों सहित करीब 25 लोग पीलिया और टाइफाइड जैसी जलजनित बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नलों से आने वाले पानी में इतनी तेज दुर्गंध है कि उसे पीना तो दूर, हाथ धोना भी मुश्किल है।

हालत यह है कि पानी उबालने के बाद भी बर्तनों के नीचे गाद (गंदगी) जम रही है। लगातार शिकायतों के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ, जिसका नतीजा अब महामारी के रूप में सामने आ रहा है।
पाइपलाइन से पहुंच रहा जहरीला पानी?
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र के चंदर मार्ग और मोतीमहल इलाके में स्थिति सबसे खराब है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि नर्मदा जल की मुख्य पाइपलाइन नालियों के बीच से होकर गुजर रही है। आशंका है कि पाइपलाइन में लीकेज की वजह से नाली का गंदा पानी पीने के पानी में मिल रहा है, जो सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
प्रशासनिक कार्रवाई और आश्वासन
मामला बढ़ता देख एसडीएम राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। एसडीएम ने स्वयं एक घर में पानी की स्थिति देखी और शुक्रवार को पानी के सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए।बीएमओ डॉ. योगेश सिंगारे की टीम ने घर-घर जाकर सैंपलिंग शुरू की है। अब तक 21 से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications