MP News: चासनी वाले बयान पर मंत्री कृष्णा गौर ने जीतू पटवारी को सुनाई खरी-खोटी
राज्यमंत्री और गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर ने भी जीतू पटवारी के बयान का कड़ा खंडन किया है। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जीतू पटवारी के दिए बयान साबित करता है कि कांग्रेस महिला विरोधी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार महिलाओं का अपमान किया है और यह साबित कर दिया कि उनके लिए इस देश में महिलाओं का कोई महत्व नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के बयान देकर जीतू पटवारी ने पूरे दलित समाज का अपमान किया है। सोनिया गांधी और प्रियंका को इस पर जवाब देना चाहिए। वह इसे स्पष्ट करें कि क्या वे अपने घर की मां और बहन को भी इस नजरिए से देखते हैं। इस बयान से कांग्रेस पार्टी की नकारात्मक मानसिकता का परिचय होता है, जो इस देश की मातृ शक्ति का अपमान है।
कृष्णा गौर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि महिलाओं का उनके लिए कोई महत्व नहीं है और कांग्रेस आज भी महिलाओं का अपमान कर रही है। श्रीमती गौर ने कहा कि क्या जीतू पटवारी अपने घर की महिलाओं में भी चासनी और रस ढूंढते हैं, जवाब दें। सोनिया, प्रियंका सहित कांग्रेसियों की चुप्पी क्या पटवारी के बयान पर मौन सहमति है। कांग्रेस पार्टी को भी इस बात का जवाब देना होगा। मैं महिला और भारतीय जनता पार्टी की तरफ से जीतू पटवारी के इस महिला विरोधी बयान की कड़े शब्दों में निंदा करती हूं।
क्या जीतू पटवारी पार्टी की महिलाओं को भी इसी नजर से देखते हैं
प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि क्या जीतू पटवारी पार्टी की महिला नेताओं सहित घर की महिलाओं के बारे में भी ऐसी ही सोच रखते हैं। इस मामले में "लड़की हूं लड़ सकती हूं" बोलने वाली कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी जीतू पटवारी के महिला विरोधी बयान पर कुछ बोलेंगी या उन्हे मौन स्वीकृति देंगी। अभी तक कांग्रेस के किसी भी नेता ने इस पर कुछ नहीं बोला है, इससे माना जा सकता है इस बयान पर वह जीतू पटवारी के साथ खड़े हैं, एक दलित महिला से उनका कोई लेना-देना नहीं है। जीतू पटवारी और अन्य कांग्रेसी नेताओं की घृणित मानसकिता के कई उदाहरण हैं जो इस बात को साबित करते हैं कि कांग्रेसियों को महिलाओं का अपमान करने में मजा आता है।
जीतू पटवारी ने कब और क्या कहा था
प्रियंका गांधी मुरैना में एक आम सभा संबोधित करने आई थीं। सभा में उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाए कि वह कांग्रेस के मेनिफेस्टो का गलत प्रचार कर रही है। सभा में कई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल थे। इसके बाद, ग्वालियर से लौटकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने पूर्व मंत्री और सिंधिया समर्थक इमरती देवी के बारे में कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद उन्हें माफी मांगनी पड़ गई। दरअसल, जीतू पटवारी ने मीडिया के एक सवाल पर जवाब दिया कि इमरती देवी का रस अब खत्म हो चुका है और उनकी चाशनी के बारे में उन्हें बात नहीं करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications