पटवारी बोले- बच्चों को पीटकर राम का नाम बुलवाया, रतलाम मामले में इमरान प्रतापगढ़ी ने राज्यसभा में चर्चा की मां
MP News: रतलाम में तीन बच्चों की पिटाई और उन्हें धार्मिक नारे लगवाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि तीन नाबालिग बच्चों को आरोपी चप्पल से मारते हुए धार्मिक नारे लगवाते हैं।
इस मामले पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी और RSS को दोषी ठहराया है, जबकि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने इस मामले पर राज्यसभा में चर्चा की मांग की है।

जीतू पटवारी का बयान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि इस घटना के पीछे बीजेपी और RSS की मानसिकता का हाथ है। पटवारी ने कहा, "इन्होंने क्रूरता से धर्म का प्रचार करने की मानसिकता बनाई है। मैं मानता हूं कि धर्म का प्रचार सहिष्णुता से किया जाना चाहिए, यह हिंदू धर्म की फिलॉसफी है।" उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ हुई मारपीट और जबरन नारे लगवाने की घटना पूरी तरह से निंदनीय है। पटवारी ने आगे कहा, "वीडियो में तीन नाबालिग बच्चों को मारकर कहा जा रहा है, 'आप जय श्री राम बोलो।' भगवान राम का नाम लेने के लिए भगवान ने कभी किसी से यह नहीं कहा कि यह जोर-जबरदस्ती से हो, तो फिर यह करवाने वाले कौन हैं? सोच और विचार कौन सा है?"
इमरान प्रतापगढ़ी का बयान
इसी बीच, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की और राज्यसभा में नियम 267 के तहत चर्चा की मांग की। इमरान ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और अत्याचार का मामला है, जिसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना था कि इस तरह के घटनाओं से समाज में नफरत और हिंसा फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 5 दिसंबर को रतलाम शहर के अमृतसागर तालाब के पास हो रही थी, जहां बच्चों को कथित रूप से चप्पल से मारा गया और उनसे धार्मिक नारे लगवाए गए। वीडियो में तीन बच्चे, जिनकी उम्र क्रमशः 6, 9 और 11 साल है, को आरोपितों द्वारा हिंसा का शिकार होते हुए देखा गया। आरोपी ने बच्चों से "जय श्री राम" जैसे धार्मिक नारे भी लगवाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने रात में माणकचौक थाने का घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 साल के नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो बच्चों को मारने और धार्मिक नारे लगवाने का आरोपित था। इसके अलावा, वीडियो बनाने वाला भी एक नाबालिग था, जिसे अगले दिन गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब पुलिस अपनी जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications