ISSF World Cup: मप्र के युवा शूटर ऐश्वर्य ने भारत को दिलाया गोल्ड, सीएम ने दी बधाई
टोक्यो ओलंपियन ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर ने ISSF शूटिंग 2022 विश्वकप में चांगवोन में जीत हासिल की है। तोमर ने ‘के ज़ालान पेक्लर’ को 16-12 से हराकर यह मुकाम हासिल किया, वह 593 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे
भोपाल, 16 जुलाई: युवा भारतीय निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने दक्षिण कोरिया में अपना जलवा बिखेरा है। उन्होंने आईएसएसएफ (ISSF) विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर मध्यप्रदेश के साथ पूरे देश का नाम रौशन किया है। भारत से इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में उनके अलावा 30 शूटर्स भी मैदान में थे। अचूक निशानेबाजी और हुनर के दम पर ऐश्वर्य प्रताप ने वर्ल्ड कप 2022 के 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में गोल्ड हासिल किया।

दक्षिण कोरिया में ऐश्वर्य ने ऐसे जीता सोने का तमगा
ऐश्वर्य को 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन मेन और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन मिक्स्ड टीम में शमिल किया गया था। मप्र राज्य शूटिंग अकादमी से ही आशा चौकसे का भी इसी चैंपियनशिप में चयन हुआ था। हाल ही में हुए खेल में ऐश्वर्य ने पहले परिस्थितियों को भांपा फिर वर्ल्ड कप फाइनल के निर्धारित मापदंडों में की गई उनकी निशानेबाजी कामयाब हुई। 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में उन्होंने भारत को एक गोल्ड और दिलाया।

तोमर ने ज़ालान पेक्लर को हराया
टोक्यो ओलंपियन ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर ने ISSF शूटिंग 2022 विश्वकप में चांगवोन में जीत हासिल की है। तोमर ने 'के ज़ालान पेक्लर' को 16-12 से हराकर यह मुकाम हासिल किया, वह 593 के स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन राउंड में भी शीर्ष स्थान पर रहे।

एमपी के छोटे से गांव के रहने वाले ऐश्वर्य
मप्र के छोटे से गांव के रहने वाले ऐश्वर्य ने फिर बुलंदियों को छुआ है। खरगोन जिले के झिरिन्या तहसील के रतनपुर गांव के रहने वाले ऐश्वर्य राजपूत परिवार से ताल्लुक रखते है। मप्र शूटिंग एकेडमी भोपाल के खिलाड़ी है। राजपूत परिवार से जुड़े होने की वजह से घर में बंदूक जैसे हथियार रखने की परंपरा रही है। बचपन से ही वह खेतों में जाकर निशाना लगाना सीखते थे। पिता वीर बहादुर सिंह भी रायफलों के पारखी है। खेल-खेल में निशानेबाजी के शौक ने उन्हें बड़ा निशानेबाज बनने की प्रेरणा दी और आज यंग निशानेबाजों में लगातार शोहरत हासिल कर रहे है।
खेल मंत्री ने दी बधाई
शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की इस कामयाबी से मप्र सरकार भी गौरवान्वित महसूस कर रही है। वर्ल्ड कप में एक और गोल्ड हासिल करने की जैसे ही खबर लगी, तो सोशल मीडिया पर एश्वर्य को बधाई देने वालों का ताँता लग गया। मप्र की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी ट्वीट किया और एश्वर्य सिंह को शुभकामनायें दी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बधाई
ऐश्वर्य प्रताप को इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में मिले गोल्ड की सभी जगह चर्चा है। ऐश्वर्य के कोच सुश्री कुमारी भी बेहद खुश है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट किया। उन्होंने ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और उनके कोच दोनों को हार्दिक बधाई दी। आगे भी इसी तरह के प्रदर्शन जिससे देश-प्रदेश का नाम रौशन हो, उम्मीद जताई गई।












Click it and Unblock the Notifications