निलंबित IPS पुरुषोत्तम शर्मा को केंद्र से नहीं मिली राहत, पत्नी से मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल
भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के निलंबित आईपीएस पुरुषोत्तम शर्मा को केंद्रीय गृह मंत्रालय से राहत नहीं मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आईपीएस शर्मा का निलंबन बरकरार रखा है और बुधवार को प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को पत्र जारी कर शर्मा को 27 नवंबर तक चार्जशीट देने को कहा है।

बता दें कि मध्य प्रदेश पुलिस में स्पेशल डीजी की पोस्ट पर कार्यरत आईपीएस पुरुषोत्तम शर्मा को भोपाल में उनकी पत्नी ने एक क्षेत्रीय न्यूज चैनल की महिला एंकर के फ्लैट पर पकड़ा था। इसके बाद आईपीएस शर्मा द्वारा अपनी पत्नी को कथित रूप से पीटते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।
दरअसल, आईपीएस शर्मा का वीडियो वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश गृह विभाग ने उन्हें नोटिस जारी किया था, जिस पर संतोषजनक जवाब नहीं देने पर उन्हें घरेलू हिंसा और नैतिक पतन के आरोपों में निलंबित कर पुलिस हेडक्वार्टर में अटैच किया गया था।
इसी बीच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा की शादीशुदा बेटी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को चिट्ठी लिखकर पिता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने की अपील की थी। बेटी ने लिखा था कि उनकी मां की मानसिक हालत ठीक नहीं है। बेटी ने यह चिट्ठी मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के गृह मंत्री और डीजीपी को भी भेजी थी।












Click it and Unblock the Notifications