MP : सिंगाजी ताप विद्युत गृह ने 100 दिनों तक विद्युत उत्पादन करने का बनाया रिकॉर्ड, ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई
मध्य प्रदेश के खंडवा में सिंगाजी ताप विद्युत गृह के क्रमांक-2 की 660 मेगावाट क्षमता की यूनिट क्रमांक चार ने अब तक लगातार 100 दिन बिजली उत्पादन करने का रिकॉर्ड बनाया है।
भोपाल, 23 जुलाई। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के सिंगाजी ताप विद्युत गृह खंडवा के विद्युत गृह क्रमांक-2 की 660 मेगावाट क्षमता की यूनिट क्रमांक चार ने अब तक लगातार 100 दिन बिजली उत्पादन करने का रिकॉर्ड कायम किया है। ये यूनिट इस वर्ष 13 अप्रैल से निर्बाध विद्युत उत्पादन कर रही है। इस दौरान यूनिट का प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) 76.3 फीसदी रहा। यह यूनिट 28 मार्च 2019 को क्रियाशील हुई थी। उल्लेखनीय है कि श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह खंडवा में विद्युत गृह क्रमांक एक में 600-600 मेगावाट की दो और विद्युत गृह क्रमांक दो में 660-660 मेगावाट दो यूनिट विद्यमान है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर (Pradhuman Singh Tomar) और प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री संजय दुबे ने सिंगाजी ताप विद्युत गृह के यूनिट क्रमांक चार के समस्त अभियंताओं व तकनीकी कार्मिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि विद्युत गृह की चारों यूनिट भविष्य में उत्कृष्ट व बेहतर प्रदर्शन करते हुए विद्युत उत्पादन क्षेत्र में नए प्रतिमान बनाएँगी।
चालू वित्तीय वर्ष में बने नए रिकॉर्ड
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के ताप विद्युत गृहों द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में लगातार निर्बाध विद्युत उत्पादन के कीर्तिमान बनाए जा रहे हैं। श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह की 600 मेगावाट क्षमता की यूनिट क्रमांक एक 233 दिन, सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी की 250 मेगावाट क्षमता की यूनिट क्रमांक 10 ने 186 व 11 ने 202 दिन और संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर की 210 मेगावाट की यूनिट क्रमांक चार ने 130 दिन लगातार निर्बाध विद्युत उत्पादन के रिकॉर्ड बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications