IELTS पेपर लीक कांड: भोपाल पुलिस की पूछताछ में हो रहे नए-नए खुलासे, समय से पहले खोल देते थे सील
भोपाल में कोहेफिजा पुलिस ने इंटरनेशनल इंग्लिश लैंग्वेज टेस्टिंग सिस्टम के प्रश्नपत्र लीक होने के बाद मामले में जांच शुरू कर दी है। इस मामले में कोरियर कंपनी के दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

राजधानी की कोहेफिजा थाना पुलिस को इंटरनेशनल इंग्लिश लैंग्वेज टेस्टिंग सिस्टम (IELTS) के पेपर लीक मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। पुलिस को परीक्षा आयोजित करने वाली गुड़गांव की कंपनी से पता चला है कि भोपाल में पेपर लीक होने का पता चलने के चंद मिनटों बाद ही कंपनी ने उक्त परीक्षा का पेपर बदल दिया था, जिससे चीटिंग करने वाले लोगों को उसका फायदा नहीं मिल सका। उक्त पेपर देहरादून और अहमदाबाद में भी लीक किया गया था। इसके बाद कंपनी ने पूरे देश की परीक्षा होने के ठीक पहले ही पेपर बदल दिया था।
पकड़े गए कोरियर कंपनी के कर्मचारी से हुई पूछताछ
जानकारी के मुताबिक इंटरनेशनल इंग्लिश लैंग्वेज टेस्टिंग सिस्टम (IELTS) के पेपर लीक मामले में पकड़े गए कोरियर कंपनी के 2 कर्मचारी से हुई पूछताछ में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी दी है। जिसके आधार पर पुलिस की दो अलग-अलग टीमें दिल्ली और बेंगलुरु के लिए रवाना कर दी गई है। इसके साथ ही साइबर पुलिस भी इस मामले में तकनीकी तौर पर जांच कर रही है। अब तक की जांच में पता चला कि पेपर लीक के तार दिल्ली बेंगलुरु के साथ-साथ देहरादून और अहमदाबाद से भी जुड़े हुए हैं।
पेपर लीक होते ही बदल दिए गए थे पेपर
भोपाल की कोहेफिजा थाना पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि भोपाल पहुंचे पेपर की खेप की सील खुलते ही देशभर में IELTS की परीक्षा कराने वाली गुड़गांव की कंपनी आईडीपी एजुकेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने परीक्षा के ठीक पहले पूरे देश के सेंटरों पर पेपर बदल दिए थे। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि कोरियर के माध्यम से भेजे जाने वाले सभी पेपर सील बंद होते हैं।
₹1 लाख में प्रश्न पत्र लीक करने का आरोप
राजधानी भोपाल पुलिस ने बताया कि कंपनी ने 8 फरवरी को गुरुग्राम कार्यालय से प्रश्न पत्रों की खेप हवाई जहाज से भोपाल भेजी थी, जबकि कोरियर 9 फरवरी की सुबह भोपाल पहुंचा। जहां कोरियर कंपनी के कर्मचारी कपिल ने उसे रिसीव किया। उसने पेपर को लोडिंग वाहन में रख दिया था। उसके बाद लोडिंग वाहन का मालिक शेफ सफी वाहन लालघाटी के पंचवटी कॉलोनी के होटल रॉयल अटलांटिस लेकर पहुंचा था। जहां पेपर के फोटो खींचकर उसे वापस कर दिया गया। यह भी पता चला है कि ₹1 लाख में प्रश्न पत्र लीक करने का सौदा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications