Bhopal News: हाईटेंशन लाइन के टूटने से होम्योपैथिक डॉक्टर की मौत, तीन राहगीर झुलसे, CCTV में दिखी घटना
Bhopal Accident CCTV News: भोपाल में अशोका गार्डन के सुंदर नगर कॉलोनी में सोमवार रात 8 बजे एक गंभीर हादसा हुआ, जिसमें एक होम्योपैथिक डॉक्टर की मौत हो गई और तीन राहगीर झुलस गए। हादसा तब हुआ जब एक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे करंट फैल गया और सड़क पर जमा पानी में करंट प्रवाहित हो गया।
डॉक्टर उपेंद्र तिवारी, जो अस्सी फीट रोड, अशोका गार्डन में रहते थे, अपने क्लिनिक के बाहर सड़क पर पानी भरने के कारण हुए करंट के संपर्क में आ गए। वह क्लिनिक खोल रहे थे, तभी अचानक ऊपर से हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। तार गिरने के बाद सड़क पर करंट फैल गया और आग लग गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। डॉक्टर उपेंद्र तिवारी को गंभीर हालत में नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां रात 10 बजे उनकी मौत हो गई।
हादसे के कारण इलाके की बिजली कट गई और डॉक्टर के साथ अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान कुछ देर बाद डॉक्टर उपेंद्र तिवारी को मृत घोषित कर दिया गया। तीन अन्य झुलसे हुए राहगीरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद हंगामा
भोपाल के अशोका गार्डन में सोमवार रात को हाईटेंशन लाइन के टूटने से होम्योपैथिक डॉक्टर उपेंद्र तिवारी की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने भारी हंगामा किया। डॉक्टर की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और बिजली विभाग की जिम्मेदारी तय करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
हंगामा की सूचना मिलने के बाद अशोका गार्डन थाने के टीआई हेमंत श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीआई श्रीवास्तव ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications